होम = State = मध्य प्रदेश = इंदौर में दीपावली की रात दहशत में बदली! 18 जगह लगी आग, दो बड़ी फैक्ट्रियां जलकर खाक

इंदौर में दीपावली की रात दहशत में बदली! 18 जगह लगी आग, दो बड़ी फैक्ट्रियां जलकर खाक

MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर में दीपावली की रौनक सोमवार रात अचानक अफरा-तफरी में बदल गई, जब शहर के कई हिस्सों से आगजनी की घटनाओं की खबरें आने लगीं। जश्न के बीच 18 अलग-अलग स्थानों पर आग लगने से हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की टीमों ने पूरी रात एक के बाद एक कॉल पर दौड़ लगाई और घंटों की मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया। अधिकारियों के अनुसार, कई घटनाओं में पटाखों की चिंगारी और लापरवाही आग की बड़ी वजह रही।

कहां पर हुए हादसे

सबसे भीषण हादसा सांवेर रोड A-सेक्टर की गत्ता फैक्ट्री में रात करीब 8:45 बजे हुआ। देखते ही देखते फैक्ट्री आग की लपटों में घिर गई। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को 105 टैंकर पानी का इस्तेमाल करना पड़ा। इसी बीच, रात करीब 1 बजे विदुर नगर स्थित एक तेल फैक्ट्री में भी भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के घरों तक धुआं फैल गया। दमकल की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 1 लाख लीटर पानी से लपटों को बुझाया। दोनों घटनाओं में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

देर रात तक दौड़ती रहीं दमकलें

फायर ब्रिगेड के अधिकारी संतोष यादव ने बताया कि दीपावली की रात विभाग को रिकॉर्ड संख्या में कॉल मिलीं। टीमों को लगातार लकड़ी मंडी, एयरपोर्ट रोड की रूकमणि कॉलोनी, और बागड़दा रोड जैसे इलाकों में भेजा गया। कई जगह छोटे स्तर पर लगी आग को समय रहते काबू में कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

शहर के कई हिस्सों में लगी आग

नंदलालपुरा सब्जी मंडी: पटाखे की चिंगारी से गुमटी में आग।
उद्योग नगर: पेट्रोल पंप के पीछे कचरे में लपटें उठीं।
नवलखा और एबी रोड: स्काई बिल्डिंग के पास पेड़ व मकान में आग।
कुशवाह नगर: मकान में आग से गृहस्थी जलकर राख।
संयोगितागंज: दुकान में आग से नुकसान।
कुम्हार खाड़ी: आग में दो दोपहिया वाहन जले।
माणिक बाग: पार्किंग में खड़ी कार राख में बदली।

जांच जारी

अग्निशमन विभाग ने सभी घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि पटाखों की लापरवाही और बिजली के शॉर्ट सर्किट आग की मुख्य वजह रही। दीपावली की रात जहां एक ओर पूरा शहर रोशनी में नहाया था, वहीं दूसरी ओर इंदौर की कई गलियां धुएं से घिर गईं।

ये भी पढ़े:  दीपावली पर हादसों की दहशत, नवी मुंबई में सिलेंडर फटने और आग लगने से 6 की मौत, कई झुलसे

बंगाल