Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के भिंड जिले के दबोह थाना क्षेत्र के रिनिया रायपुरा गांव में सोमवार रात एक दलित युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों पर हमला बोलते हुए आगजनी कर दी, जिसमें एक कार और एक बाइक जलकर खाक हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया है।
लाठी, डंडों और सरियों से किया हमला
जानकारी के अनुसार, मृतक रुद्र प्रताप जाटव अपने मामा तुलाराम के साथ बीती रात खेत पर स्थित ट्यूबवेल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी, डंडों और सरियों से हमला कर दिया। हमले में रुद्र प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत ग्वालियर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने आरोपियों के घरों में लगाई आग
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घरों को निशाना बनाया और उनमें आग लगा दी। घटना के बाद आरोपी और उनके परिजन घरों में ताले लगाकर फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक मुआवजा, शस्त्र लाइसेंस सहित करीब छह मांगें रखी हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व कठोर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

