होम = State = मध्य प्रदेश = पीथमपुर में बड़ा हादसा : निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज पर क्रेन पलटी, दो की मौत, राहत-बचाव जारी

पीथमपुर में बड़ा हादसा : निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज पर क्रेन पलटी, दो की मौत, राहत-बचाव जारी

Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सागौर रेलवे के निर्माणाधीन ब्रिज पर काम कर रही एक भारी क्रेन अचानक पलट गई, जिसकी चपेट में एक टाटा मैजिक और एक पिकअप वाहन आ गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। पीथमपुर सेक्टर-3 में सागौर रेलवे का ब्रिज निर्माण कार्य चल रहा था, जहां दो बड़ी क्रेन गार्डर चढ़ाने का काम कर रही थीं। उसी दौरान सागौर की दिशा में लगी एक क्रेन अचानक असंतुलित होकर पलट गई।

क्रेन गिरते ही नीचे से गुजर रही लोडिंग टाटा मैजिक और एक पिकअप ट्रक उसकी चपेट में आ गए। क्रेन का वजन इतना अधिक था कि टाटा मैजिक पूरी तरह मलबे के नीचे दब गई।

राहत-बचाव अभियान जारी

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और वाहनों में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एक महिला, जिसका बेटा हादसे में फंसा हुआ बताया जा रहा है, घटनास्थल पर बदहवास स्थिति में पहुंच गई।

क्या बोले एसपी मयंक अवस्थी

धार के पुलिस अधीक्षक (SP) मयंक अवस्थी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “रेलवे पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। काम के दौरान एक क्रेन पलट गई, जो वहां से गुजर रहे एक पिकअप ट्रक पर गिर गई। ट्रक में सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। कुछ और लोगों के क्रेन के नीचे फंसे होने की आशंका है।”

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है।

स्थानीय लोगों में गुस्सा

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भारी क्रेन संचालन के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम नहीं किए गए थे।

फिलहाल स्थिति

अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। जांच के बाद ही हादसे के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।