Coldrif Cough Syrup : मध्य प्रदेश और राजस्थान में Coldrif कफ सिरप से होने वाली मौतों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। इन राज्यों में अब तक लगभग 19 बच्चों की मौत हो चुकी है। छिंदवाड़ा और बैतूल (मध्य प्रदेश) में किडनी फेल होकर कई बच्चों की जान गई है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया है और नागपुर में आठ बच्चों की निगरानी जारी है। जबलपुर में संदिग्ध सप्लायर के गोदाम को सील कर दिया गया है। वही उत्तर प्रदेश की दवाओं एवं मेडिकल स्टोरों पर भी कड़ी जांच शुरू हुई है।
परिवारों की कथा- “उल्टियां शुरू, सांस तक नहीं ले पा रहे थे”
छिंदवाड़ा की परसिया तहसील की चेनवती यदुवंशी बताती हैं कि उनका बच्चा हल्का ज़ुकाम था, तब उन्होंने डॉक्टर को दिखाया। डॉक्टर ने मेरे बच्चे को एक इंजेक्शन लगाया और हमें घर जाने को कहा। हमने उसे घर पर दवाइयां दीं, लेकिन उसे फिर से उल्टियां होने लगीं। उसने खाना बंद कर दिया। डॉक्टर को बताया, तो उन्होनें बच्चे को सरकारी अस्पताल परसिया, फिर छिंदवाड़ा अस्पताल, और अंततः नागपुर रेफर किया। लेकिन 27 तारीख को बच्चे की मृत्यु हो गई।
मृत्यु का बढ़ता आंकड़ा, प्रशासन की कार्रवाई
छिंदवाड़ा में अब तक 14 बच्चों की मौत हो चुकी है, और बैतूल में भी दो और जानें जा चुकी हैं। दोनों मामलों में भी किडनी फेलियर देखा गया है। छिंदवाड़ा में आठ बच्चों को नागपुर भेजा गया है, जहां उनकी हालत को लेकर डॉक्टरों और उच्चाधिकारियों की एक टीम निगरानी कर रही है।
ये भी पढ़े – जयपुर SMS अस्पताल में भीषण आग, ICU में सात मरीजों की दर्दनाक मौत
सैंपलिंग और कफ सिरप को जप्त
उत्तर प्रदेश के असिस्टेंट कमिश्नर ने सभी जिलों के ड्रग इंस्पेक्टर को फार्मा कंपनी से लेकर मेडिकल स्टोर में मौजूद कफ सिरप (Coldrif Cough Syrup) की सैंपलिंग करने और चिन्हित जानलेवा कफ सिरप को जप्त करने के आदेश दिए हैं। यूपी के सहायक आयुक्त (ड्रग्स) ने राज्य के सभी औषधि निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से कड़े निर्देश जारी किए हैं।

