MP News: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले की चंदेरी तहसील से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शनिवार रात लगभग 8 बजे, चंदेरी से करीब 8 किलोमीटर दूर ग्राम सिंहपुर पांडरी में एक 18 वर्षीय युवक अचानक गांव के बीच बने एयरटेल कंपनी के करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
लड़की का प्रेम जाल
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। युवक कथित तौर पर एक लड़की से प्रेम करता है, और किसी विवाद या नाराजगी के चलते उसने यह कदम उठाया। युवक ने टावर से नीचे उतरने से साफ इनकार करते हुए कहा कि जब तक लड़की को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा।
सूचना मिलते ही चंदेरी थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब युवक को नीचे उतारने की कोशिश की, तो उसने कूदने की धमकी दे दी, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल बचाव दल को बुलाकर युवक को समझाने-बुझाने की कोशिशें शुरू कर दीं।
हाई-वोल्टेज ड्रामे से बवाल
तहसीलदार ने टावर पर चढ़े युवक से संवाद स्थापित किया और उसे शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। देर रात तक बचाव अभियान जारी था और प्रशासन की पूरी कोशिश है कि युवक को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा जा सके। ग्रामीणों में इस पूरे हाई-वोल्टेज ड्रामे को लेकर चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस युवक के परिवार और उस लड़की से भी संपर्क करने में जुटी हुई है, ताकि इस प्रेम-ड्रामा का अंत बिना किसी अनहोनी के किया जा सके।
ये भी पढ़े – एक्स ने किया पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ के दावे का पर्दाफाश, कश्मीर पर झूठा बयान हुआ बेनकाब

