Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश में मंदसौर के प्रमुख डाकघर में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है, जिसमें ओवरसीयर शिवकुमार मीणा 15,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुए हैं। ईओडब्ल्यू उज्जैन की टीम ने मंगलवार की देर शाम कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
जानें रिश्वत का पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, ओवरसीयर शिवकुमार मीणा पिछले एक महीने से अपने ही कार्यालय के तृतीय श्रेणी कर्मचारी शुभम खिंची की विभागीय जांच में दुरुस्ती कराने के बहाने 20,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था। बार-बार पैसे की मांग से तंग आकर शुभम खिंची ने उज्जैन एसपी को शिकायत की।
एसपी के निर्देश पर ईओडब्ल्यू टीम ने ट्रैप लगाकर मंगलवार देर शाम मंदसौर के प्रमुख डाकघर में कार्रवाई की। कार्रवाई में ओवरसीयर शिवकुमार मीणा 15,000 रुपये लेते हुए पकड़ में आया।
कार्रवाई और जांच
डीसीपी अमित कुमार ने बताया कि आरोपी ने कार्यालय अधीक्षक जगदीश प्रसाद के इशारे पर रिश्वत ली। इसके बाद विभाग ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू की और कार्यालय के तमाम दस्तावेज जप्त कर लिए हैं। भारतीय दंड संहिता की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
टीम की छानबीन
ईओडब्ल्यू की 12 सदस्यीय टीम ने कार्यालय में छापा मारकर दस्तावेजों की छानबीन की और देर रात तक जांच जारी रही। इस कार्रवाई से कार्यालय में हड़कंप मच गया।

