MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने एक ऐसे चोर को गिरफ्तार किया है, जिसकी चोरी की कहानी उतनी ही अजीब है जितनी भावनात्मक। यह चोर सिर्फ बच्चों की साइकिलें ही चुराता था और वजह थी उसकी शराब की लत। पर जब पुलिस ने उसे पकड़ा और साइकिलें लौटाईं, तो जिन बच्चों की मासूमियत उस चोरी से छिन गई थी, उनके चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई।
क्या है पूरा मामला
यह पूरा मामला बजरिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम दिनेश केवट है, जो लंबे समय से बच्चों की साइकिलें चोरी कर रहा था। दिनेश चोरी की साइकिलों को 200 से 500 रुपए में बेच देता था, ताकि शराब खरीद सके। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 12 चोरी की साइकिलें बरामद की हैं, जिन्हें उनके असली मालिकों यानी छोटे-छोटे बच्चों को लौटा दिया गया है।
कहानी की शुरुआत तब हुई जब एक नन्हे बच्चे ने बजरिया थाने में पहुंचकर अपनी साइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पर इस रिपोर्ट में सबसे भावनात्मक बात थी बच्चे की जिद उसने कहा कि उसे नई साइकिल नहीं चाहिए, बस अपनी पुरानी साइकिल ही वापस चाहिए। बच्चे की इस मासूम मांग ने पुलिस को मामले की गहराई से जांच करने को मजबूर कर दिया।
बच्चों की साइकिलों पर नजर
टीम ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें एक व्यक्ति बच्चों की साइकिल लेकर संदिग्ध हालात में जाता दिखा। पुलिस ने चेहरे की पहचान कर करारिया फार्म इलाके से आरोपी दिनेश को दबोच लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह शराब का आदी है और नशे के लिए पैसे जुटाने के लिए बच्चों की साइकिलें चुराता था। उसे लगता था कि बच्चों की साइकिलें आसान निशाना हैं और कोई खास पीछा नहीं करेगा।
बच्चों की लौटी खुशी
जहांगीराबाद CSP बिट्टू शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। फिलहाल उस पर कई मामलों में कार्रवाई की गई है, और इलाके में साइकिल चोरी की अन्य शिकायतों की भी जांच जारी है। जब पुलिस ने बरामद साइकिलें बच्चों को वापस दीं, तो माहौल भावनाओं से भर उठा। बच्चे अपनी पुरानी साइकिल को गले लगाकर खुशी से उछल पड़े। यह सिर्फ चोरी की बरामदगी नहीं थी यह भोपाल पुलिस की मेहनत से चोरी हुई मुस्कानों की वापसी थी।
ये भी पढ़े – मुरादाबाद : रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग से मचा हड़कंप, 1 महिला की मौत, कई लोग झुलसे

