होम = Cover Story Latest = भोपाल में नाबालिगों की हैवानियत, 30 सेकंड में 27 बार चाकू, CCTV वीडियो खुद किया वायरल

भोपाल में नाबालिगों की हैवानियत, 30 सेकंड में 27 बार चाकू, CCTV वीडियो खुद किया वायरल

Bhopal Crime News: मध्य प्रदेश की राजधानी से सामने आई यह वारदात न सिर्फ रूह कंपा देने वाली नहीं है, बल्कि यह भी सवाल खड़े करती है कि आज के किशोरों में हिंसा किस हद तक घर कर चुकी है। एक मामूली कहासुनी और थप्पड़ का बदला ऐसा लिया गया, जिसने पूरे शहर को सन्न कर दिया।

शहर के एक स्नूकर क्लब में पढ़ाई कर रहे 10वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र पर महज़ 30 सेकंड के भीतर 27 बार चाकू और खंजर से हमला किया गया। हैरानी की बात यह है कि इस खौफनाक हमले को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी भी नाबालिग हैं और वारदात के बाद उन्होंने खुद ही इसका CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया।

फिल्मी अंदाज़ में एंट्री

CCTV फुटेज में साफ दिखता है कि दो नाबालिग युवक पूरे कॉन्फिडेंस के साथ क्लब में दाखिल होते हैं। कुछ ही पलों में वे पीड़ित को घेर लेते हैं और बिना किसी चेतावनी के ताबड़तोड़ वार शुरू कर देते हैं। आधे मिनट में 27 हमले कलाई, कंधे, पीठ हर जगह खून ही खून। पीड़ित की एक कलाई पर 10 से ज़्यादा गहरे जख्म, जबकि दूसरे हाथ की दो उंगलियां कट गईं। कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोटें आईं। जानलेवा हमले के बावजूद, किशोर किसी तरह खुद को छुड़ाकर भागने में कामयाब रहा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

एक थप्पड़ और रच दी गई खूनी साज़िश

पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ित गौतम नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और स्नूकर क्लब में अक्सर जाया करता था। आरोपी भी उसी उम्र के हैं, 10वीं के छात्र हैं और उसी कोचिंग सेंटर में पढ़ते हैं। कुछ दिन पहले पूल गेम के दौरान दबदबे को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें कथित तौर पर पीड़ित ने दोनों को थप्पड़ मार दिया था। उसी का बदला लेने के लिए यह खूनी हमला रचा गया।

वीडियो हुआ वायरल

यह वारदात 15 फरवरी की रात गणेश चौक स्थित क्लब में हुई। रविवार को जब CCTV वीडियो ऑनलाइन सामने आया, तो शहर में गुस्से की लहर दौड़ गई। लोग सवाल पूछने लगे क्या नाबालिगों में कानून का डर खत्म हो चुका है?

पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

पुलिस ने शुरुआत में मामले को मारपीट की धाराओं में दर्ज किया। हिरासत में लेने के बाद दोनों नाबालिगों को नोटिस देकर रिहा कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट में चोटों की गंभीरता सामने आने के बाद और कड़ी धाराएं जोड़ी जाएंगी।

इतना कॉन्फिडेंस कहां से?

आरोपियों द्वारा खुद फुटेज पोस्ट किए जाने की बात ने लोगों का गुस्सा और भड़का दिया है। माता-पिता और स्थानीय लोग पूछ रहे हैं की टीनएज का झगड़ा हत्या की कोशिश में कैसे बदला? नाबालिगों में इतना बेखौफ कॉन्फिडेंस आखिर आया कहां से?

यह मामला सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि समाज, परवरिश और कानून-व्यवस्था तीनों के लिए गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में 9 मेट्रो स्टेशनों के नाम बदले, सीएम रेखा गुप्ता ने दी मंजूरी

बंगाल