होम = News Top = जबलपुर में मौत बनकर दौड़ी क्रेटा! खाना खा रहे एक के बाद एक 20 मजदूरों पर चढ़ी तेज रफ्तार कार, दो की मौत

जबलपुर में मौत बनकर दौड़ी क्रेटा! खाना खा रहे एक के बाद एक 20 मजदूरों पर चढ़ी तेज रफ्तार कार, दो की मौत

Jabalpur Road Accident: मध्यप्रदेश के जबलपुर में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बरेला हाईवे रोड पर तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे मजदूरों के समूह को रौंदती चली गई। इस भीषण हादसे में दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक मजदूर घायल हो गए हैं, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।

खाना खाते वक्त टूटा कहर

हादसा बरेला के एकता चौक के पास हुआ, जहां सड़क डिवाइडर की सफाई और पेंटिंग का काम चल रहा था। मंडला जिले के बम्होरी और आसपास के गांवों से आए मजदूर दोपहर करीब 2 बजे काम रोककर सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे थे। तभी तेज रफ्तार सफेद रंग की क्रेटा कार अनियंत्रित होकर सीधे मजदूरों पर चढ़ गई। पलभर में सड़क पर चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर गिर पड़े।

मौके पर मची अफरातफरी

हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज के लिए विशेष निर्देश दिए।

दो महिला मजदूरों की मौत

पुलिस के अनुसार, हादसे में 40 वर्षीय लच्छू बाई और चेनवती नामक महिला मजदूरों की मौत हुई है। दोनों मंडला जिले की रहने वाली थीं और एनएचआई के तहत चल रहे काम में मजदूरी कर रही थीं। कई अन्य मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।

आरोपी चालक फरार, तलाश तेज

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए नाकाबंदी कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके।

सवालों के घेरे में सड़क सुरक्षा

इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। डिवाइडर पर काम कर रहे मजदूरों के लिए सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं थे, यह जांच का बड़ा मुद्दा बन गया है। फिलहाल पूरा जबलपुर इस हादसे से स्तब्ध है और पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

ये भी पढ़ें: “खूबसूरती दिखी तो रेप हो सकता है” विधायक के एक बयान ने मचा दिया राजनीतिक तूफान, भोपाल से दिल्ली तक हंगामा