होम = Big News = कोयला घोटाला केस में ईडी की बड़ी कार्रवाई: झारखंड व बंगाल में 40+ ठिकानों पर छापेमारी

कोयला घोटाला केस में ईडी की बड़ी कार्रवाई: झारखंड व बंगाल में 40+ ठिकानों पर छापेमारी

by | Nov 21, 2025 | Big News, झारखंड

Jharkhand West Bengal :कोयला घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई शुरू की। एजेंसी ने झारखंड और पश्चिम बंगाल में एक साथ 40 से अधिक ठिकानों पर रेड डाली। यह कार्रवाई पीएमएलए कानून के तहत की जा रही है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह ऑपरेशन कोयला चोरी, तस्करी और उससे जुड़े गैर-कानूनी लेनदेन की जांच का हिस्सा है। ईडी टीमों ने सुबह से ही दोनों राज्यों के कई जिलों में छापेमारी की, जिसमें कई कारोबारी और उनके सहयोगियों के ठिकाने शामिल हैं।

झारखंड के कोयला कारोबारी LB सिंह के ठिकानों पर छापा

झारखंड में यह कार्रवाई धनबाद के बड़े कोयला कारोबारी एलबी सिंह पर केंद्रित रही। ईडी ने धनबाद के देव बिला इलाके सहित 16 से ज्यादा स्थानों पर एक साथ दबिश दी। एलबी सिंह के आवास, उनके दफ्तरों और उनसे जुड़े प्रतिष्ठानों की गहन तलाशी ली गई। माना जा रहा है कि ईडी को कोयला चोरी और अवैध कारोबार से जुड़े कई अहम दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की तलाश है। अधिकारी इस पूरे नेटवर्क का पैसा कहां–कहां गया, उसकी जांच कर रहे हैं।

कोयला घोटाले में कई बड़े नाम शामिल

ईडी की इस कार्रवाई में जिन मामलों की जांच हो रही है, उनमें अनिल गोयल, एलबी सिंह, संजय उद्योग और अमर मंडल जैसी कई बड़ी हस्तियों के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि कोयला चोरी और अवैध तस्करी से सरकार को सैकड़ों करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है। इस नेटवर्क में कोयले की चोरी, ट्रांसपोर्टेशन और फर्जी बिलिंग जैसी गतिविधियों की आशंका जताई जा रही है। सभी मामलों की जांच के लिए ईडी लगातार छापेमारी और दस्तावेजों की बरामदगी जारी रखे हुए है।

पश्चिम बंगाल में 24 ठिकानों पर तलाशी

बंगाल में भी ईडी ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत दुर्गापुर, पुरुलिया, हावड़ा और कोलकाता में 24 ठिकानों पर रेड की। यह रेड गैर-कानूनी कोयला माइनिंग, ट्रांसपोर्टेशन और स्टोरेज से जुड़े मामलों पर केंद्रित रही। नरेंद्र खरका, अनिल गोयल, युधिष्ठिर घोष और कृष्ण मुरारी कयाल सहित कई लोगों से जुड़े परिसरों की तलाशी ली गई। माना जा रहा है कि झारखंड और बंगाल में यह कोऑर्डिनेटेड कार्रवाई आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासों की वजह बन सकती है। ईडी इस पूरे नेटवर्क को जोड़कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रही है। coal scam case

Tags : ED Action

बंगाल