Jharkhand News: झारखंड के दुमका जिले में पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक ऐसे शातिर आरोपी को पकड़ा है जो देखने में साधारण छात्र लगता था, लेकिन असल में वह ट्रेनों और शहर दोनों जगहों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी की पहचान विबक कुमार साह के रूप में हुई है, जो बिहार के बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र के लबोरदार गांव का रहने वाला है।
शनिवार की रात पुलिस ने उसे स्टेशन रोड स्थित एक लॉज से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कमरे से करीब चार लाख रुपए मूल्य के 20 महंगे स्मार्टफोन, चार्जर और एक लैपटॉप बरामद किए गए। इसके अलावा वह खुद जिस मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा था, वह भी चोरी का निकला।
पुलिस रह गई हैरान
नगर थाना प्रभारी जगन्नाथ धान ने बताया कि पिछले पांच महीनों से दुमका शहर और ट्रेनों से मोबाइल चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शनिवार को भी एक यात्री ने ट्रेन में मोबाइल चोरी की शिकायत की थी। जब पुलिस ने मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, तो सिग्नल स्टेशन रोड स्थित दिवाकर लॉज के पास मिला। ASI संतोष कुमार की टीम ने तुरंत लॉज पर छापा मारा। वहां से विबक कुमार को हिरासत में लिया गया। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस हैरान रह गई चारों ओर महंगे स्मार्टफोन, लैपटॉप और चार्जर बिखरे पड़े थे।
चौकाने वाले खुलासे
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह ITI का छात्र है, लेकिन पैसों की लालच में चोरी की राह पर चल पड़ा। वह ज्यादातर भागलपुर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता था। यात्रियों के चार्जिंग पर लगे मोबाइल या सीट पर रखे बैग को मौका देखकर चुरा लेता था। विबक ने स्वीकार किया कि अब तक वह चार यात्रियों के बैग उड़ा चुका है, जिनमें एक लैपटॉप और 30 हजार रुपए नकद मिले थे। उसने यह भी कहा कि उसका कोई गैंग नहीं है, वह अकेले ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
फिलहाल पुलिस ने चोरी के सभी सामान जब्त कर आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस जांच कर रही है कि क्या इन चोरी के मोबाइलों को किसी चैनल के जरिए बेचने की कोशिश की गई थी। दुमका पुलिस का कहना है- आरोपी भले ही छात्र है, लेकिन चोरी का तरीका बेहद पेशेवर था।
ये भी पढ़े – Cyclone Montha : बंगाल की खाड़ी में बढ़ रहा खतरा, इन राज्यों में अलर्ट जारी, सेना की टीम तैनात

