Jharkhand News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थित सरकारी अनाज गोदाम में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। रात के सन्नाटे में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते हजारों क्विंटल अनाज धधकती लपटों में जलकर राख हो गया।
आग की लपटों ने निगल लिया पूरा गोदाम
स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात गोदाम से धुआं उठता देखकर लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग और गोदाम प्रबंधन को सूचना दी। गोदाम प्रबंधक अभिषेक हाजरा मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश में बुरी तरह झुलस गए। उन्हें गंभीर हालत में टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) जमशेदपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा सारा सरकारी अनाज जल चुका था। अनुमान है कि लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
आग के पीछे साजिश की आशंका
घटना के बाद गोदाम में साजिश की आशंका गहराने लगी है। जांच के दौरान पुलिस को कई संदिग्ध सुराग मिले हैं। बताया जा रहा है कि गोदाम की छत का टिन चादर टूटा हुआ मिला और अंदर से एक लाइटर बरामद किया गया है। इतना ही नहीं, गोदाम में लगे CCTV कैमरे और DVR को भी पूरी तरह जला दिया गया है, जिससे आग की असली वजह जानना और मुश्किल हो गया है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि आग किसी अंदरूनी मिलीभगत से लगाई गई हो सकती है, क्योंकि गोदाम के दरवाजे घटना के वक्त अंदर से बंद थे।
प्रशासन और पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे परिसर को सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। वरिष्ठ पदाधिकारी भी घटनास्थल पर रवाना हो गए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना से ज्यादा मानवजनित साजिश की ओर इशारा मिल रहा है। प्रशासन ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं।
सरकारी गोदाम में आग की यह घटना अब बड़े सवाल खड़े कर रही है, क्या यह महज हादसा था या किसी साजिश का हिस्सा?
ये भी पढ़े – जयपुर में हाईटेंशन लाइन से बस में लगी आग, 3 की मौत और 12 झुलसे

