Jharkhand News : झारखंड की राजधानी रांची से सटे खूंटी जिले में सोमवार को रनिया थाना क्षेत्र के लोहागढ़ा गांव में आयोजित डाईर मेला के दौरान एक बड़ी घटना सामने आई। मेले में दो गुटों के बीच झगड़ा शांत कराने पहुंचे थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल और पुलिस बल पर भीड़ ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी और सशस्त्र बल के जवानों को चोटें आईं।
दो नामजद, 50 अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज
घटना के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए रनिया थाना में कांड संख्या 33/25 के तहत मामला दर्ज किया है।
सीओ सह बीडीओ प्रशांत डांग की लिखित शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित 40 से 50 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में कई धाराओं के तहत अभियोग चलाया जाएगा।
कानून व्यवस्था बनाए रखने गए थे अधिकारी
शिकायत के अनुसार, सीओ प्रशांत डांग और थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल अपने दल-बल के साथ लोहागढ़ा के डाईर मेला में कानून व्यवस्था बनाए रखने गए थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उन्हें सूचना मिली कि पास की दारू भट्टी के पास दो गुटों में झगड़ा हो गया है।
थाना प्रभारी जायसवाल तत्काल सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और झगड़ा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने शराब पीने और बेचने वालों को चेतावनी भी दी।
भीड़ ने पुलिस दल को घेरा, की मारपीट
शिकायत में बताया गया है कि उसी दौरान शराब के नशे में झगड़ रहे लोगों और शराब बेचने वालों ने एकजुट होकर थाना प्रभारी और पुलिस दल पर हमला बोल दिया। करीब 40 से 50 लोगों की भीड़, जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं, ने थाना प्रभारी और सशस्त्र बल को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
स्थिति बिगड़ने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विधि-व्यवस्था चरमरा गई।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेले के अध्यक्ष शिव अवतार सिंह और सचिव मनोज कांशी को स्वयंसेवक तैनात करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन उनकी ओर से कोई भी स्वयंसेवक मौके पर मौजूद नहीं था। इस लापरवाही के कारण पुलिस को अकेले ही भीड़ का सामना करना पड़ा, जिससे हिंसा की स्थिति उत्पन्न हुई।
प्रशासन ने कहा – दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
घटना के बाद खूंटी जिला प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं।पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

