Ladakh Protest : केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शनों के हिंसक होने के बाद प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। इसी बीच सामाजिक और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
लद्दाख में हाल ही में हुई हिंसा के बाद यह एक्शन लिया गया है। बताया जा रहा है कि इस हिंसा में 4 लोगों की मौत हुई थी और 80 से अधिक लोग घायल हुए थे। केंद्र सरकार ने वांगचुक को हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया था कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों को भड़काया था।
NGO का लाइसेंस रद्द
सोनम वांगचुक की गैर-लाभकारी संस्था स्टूडेंट्स एजुकेशनल एंड कल्चरल मूवमेंट ऑफ लद्दाख (SECMOL) का एफसीआरए (FCRA), 2010 के तहत विदेशी चंदा लेने का रजिस्ट्रेशन गृह मंत्रालय ने गुरुवार को रद्द कर दिया था।
उपराज्यपाल : जल्द सामान्य होगी लद्दाख की स्थिति
लद्दाख में मौजूदा हालात को लेकर उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि हाल की हिंसा के बाद शैक्षणिक संस्थान अस्थायी रूप से बंद किए गए हैं और धारा 163 लागू की गई है। उन्होंने भरोसा जताया कि एक-दो दिन में स्थिति सामान्य हो जाएगी। गुप्ता ने कहा कि लद्दाख की परंपरा और वातावरण को किसी भी हाल में खराब नहीं होने दिया जाएगा।
वांगचुक की संस्था के खिलाफ हुई कार्रवाई पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम सबूतों के आधार पर उठाया गया है और स्वाभाविक है कि ऐसे मामलों में आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े : SC ने दिल्ली-NCR में ग्रीन पटाखों के उत्पादन को दी हरी झंडी, बिक्री पर फैसला 8 अक्टूबर को

