होम = State = जम्मू कश्मीर = Jammu and Kashmir : कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, एक आतंकी ढेर, अफसर समेत तीन जवान घायल

Jammu and Kashmir : कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, एक आतंकी ढेर, अफसर समेत तीन जवान घायल

Jammu and Kashmir : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में रविवार को आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ छिड़ गई। यह मुठभेड़ कुलगाम के गुड्डार जंगल क्षेत्र में चल रही है। सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

गोलीबारी के बीच अफसर और जवान घायल

जैसे ही सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान आगे बढ़ाया, छिपे हुए आतंकियों ने उन पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की। इस दौरान हुई झड़प में एक जूनियर कमीशंड अफसर (JCO) समेत तीन जवान घायल हो गए। सभी को नजदीकी सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

एक आतंकी मारा गया

भारतीय सेना ने पुष्टि की है कि मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी मारा गया है। हालांकि, अभी तक मारे गए आतंकी की पहचान नहीं हो सकी है। सुरक्षाबलों का मानना है कि इलाके में अभी 2 से 3 आतंकी और छिपे हो सकते हैं।

इलाके की घेराबंदी, ऑपरेशन जारी

मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र को सुरक्षाबलों ने सील कर दिया है ताकि कोई भी आतंकी भाग न सके। जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) पुलिस, सेना और CRPF की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) संयुक्त रूप से अभियान चला रही है।

पुलिस का बयान

कश्मीर जोन पुलिस ने बताया कि, कुलगाम जिले के गुड्डार इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिली थी। सुरक्षाबलों ने तुरंत घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग की, जिसमें हमारे जवान घायल हुए। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी को मार गिराया गया है। ऑपरेशन अभी जारी है।

लगातार बढ़ रही हैं आतंकी गतिविधियां

गौरतलब है कि पिछले कुछ हफ्तों से जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के विभिन्न इलाकों में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच लगातार मुठभेड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। खुफिया एजेंसियों का मानना है कि पाकिस्तान से धकेले जा रहे आतंकी दक्षिण कश्मीर के इलाकों में छिपकर हमले की साजिश रच रहे हैं।

ये भी पढ़ेसुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी- प्रकृति से छेड़छाड़ का नतीजा, पंजाब-उत्तराखंड में जल प्रलय से तबाही…

फिलहाल कुलगाम के गुड्डार इलाके में तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षाबलों ने पूरा जंगल छावनी में बदल दिया है।