Kashmi Earthquake News: सोमवार की सुबह तड़के जम्मू और कश्मीर के बारामूला जिले में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया। रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप के झटके सोमवार सुबह लगभग 5:35 बजे महसूस किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप का केंद्र पट्टन क्षेत्र था। हालांकि, इस भूकंप से किसी तरह के बड़े नुकसान या लोगों के घायल होने की कोई खबर फिलहाल सामने नहीं आई है।
कश्मीर प्रशासन आया अलर्ट मोड में
SDMA के एक सीनियर अधिकारी ने जानकारी दी है कि भूकंप की वजह से किसी भी तरह के जान के नुकसान की खबर नहीं है. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। भूकंप से जो एनर्जी निकली है, वह करीब 239 टन TNT विस्फोट के बराबर मानी जा सकती है। हालांकि, इसका प्रभाव एक सीमित क्षेत्र तक रहा।
ये भी पढ़ें: हरियाणा के इस शहर में भूकंप से सहमे लोग घरों व दुकानों से बाहर निकले, वीडियो किया शेयर
कुछ सेकंड तक भूकंप आया, लेकिन फिर सब सामान्य हो गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों को भी चेतावनी दी गई है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि स्थिति को मॉनिटर किया जा रहा है। अगर जरूरत पड़ती है तो लोगों को पहले से ही सावधान रहने की जानकारी दे दी जाएगी। अभी घबराने की कोई बात नहीं है।
कश्मीर घाटी और उसके आसपास के इलाकों में पहले भी भूकंपीय गतिविधियां होती रही हैं। इसका कारण यह है कि यह क्षेत्र भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा के पास स्थित है, जो भूकंप के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।
ये भी पढ़ें: लद्दाख और दिल्ली में महसूस हुए भूकंप के झटके, जानमाल का नुकसान नहीं

