होम = State = जम्मू कश्मीर = रामबन में बादल फटने से तबाही, 3 की मौत, 4 लोग लापता

रामबन में बादल फटने से तबाही, 3 की मौत, 4 लोग लापता

J&K Cloudburst : जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में शुक्रवार देर रात बादल फटने से बड़ा हादसा हो गया। अचानक आए सैलाब और भारी मलबे ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस आपदा में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और लोग दहशत में हैं।

घर, पुल और सड़कें बह गईं

जानकारी के अनुसार, हादसा रामबन के राजगढ़ इलाके में हुआ। बादल फटने के बाद आई तेज़ धारा ने कई घरों को तहस-नहस कर दिया। कई छोटे पुल और ग्रामीण सड़कें भी बह गए, जिससे संपर्क व्यवस्था बाधित हो गई है। इलाके में अभी भी पानी और मलबा जमा होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल (SDRF/NDRF) तुरंत मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, लगातार बारिश और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के कारण रेस्क्यू (J&K Cloudburst) ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है।

ग्रामीणों में दहशत का माहौल

अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा से ग्रामीण लोगों सहमे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी और नालों के किनारे न जाएं और ऊंचे स्थानों पर शरण लें। प्रभावितों के लिए अस्थायी शिविर भी बनाए जा रहे हैं।

पहले भी हो चुकी हैं बड़ी घटनाएं

जम्मू-कश्मीर में इस महीने लगातार बादल फटने और भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। 14 अगस्त को किश्तवाड़ के चिसोती गांव में बादल फटने से 65 लोगों की मौत हुई थी और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। तीन दिन बाद कठुआ जिले में आई अचानक बाढ़ में 7 लोगों की जान गई, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल थे। वहीं, रियासी जिले में वैष्णो देवी मार्ग पर हुए भूस्खलन में 34 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी और 20 से अधिक घायल हुए थे।

ये भी पढ़े : Weather Update : दिल्ली-NCR में एक बार फिर बारिश के आसार, इन राज्यों में भारी वर्षा की संभावना

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि पहाड़ी जिलों में भारी बारिश और बादल फटने की आशंका बनी हुई है। आने वाले दिनों में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

बंगाल