Rahul Gandhi Press Conference: हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों पर उठे सवाल अब और गहराते जा रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐसा दावा किया जिसने पूरे देश की राजनीति में हलचल मचा दी। राहुल ने एक “मिस्ट्री गर्ल” की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि इस महिला ने हरियाणा में 22 बार वोट डाला और हर बार अलग-अलग नामों से।
एक ही लड़की के अलग-अलग नाम
राहुल गांधी के मुताबिक, उनकी टीम ने जब मतदाता सूची की जांच की, तो एक ही महिला की फोटो सीमा, सरस्वती, विमला जैसे दर्जनों नामों के साथ अलग-अलग बूथों पर मिली। राहुल ने कहा, “जब हमारी टीम ने उस फोटो की जांच की, तो हैरानी हुई वो असल में एक ब्राज़ीलियन मॉडल की स्टॉक फोटो थी, जिसे ऑनलाइन डेटाबेस से उठाकर फर्ज़ी आईडी पर चिपका दिया गया था।”
कांग्रेस नेता ने बताया कि इसी तरह की फर्ज़ी पहचान के ज़रिए हरियाणा में 25 लाख फर्जी वोट डाले गए। “इसका मतलब है कि हर 8 में से एक वोट नकली था,” राहुल ने कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया है।
लाखों मतदाताओं की एक जैसी फोटो
राहुल गांधी ने कहा, “हमारे पास चुनाव आयोग के रिकॉर्ड से लिए गए पुख्ता सबूत हैं। सिर्फ दो बूथों में ही एक ही फोटो 223 बार अलग-अलग नामों से इस्तेमाल की गई। हरियाणा में 1 लाख 24 हजार मतदाताओं की फोटो एक जैसी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि जिन बूथों पर यह धांधली हुई, वहां का CCTV फुटेज भी गायब कर दिया गया है।
एक पते पर 500 वोटर
कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि पलवल जिले में एक ही पते पर 500 वोटर दर्ज हैं, जबकि वहां कोई रहता ही नहीं। कानून के अनुसार ऐसे मामलों में फिजिकल वेरिफिकेशन होना चाहिए था, लेकिन चुनाव आयोग ने कार्रवाई नहीं की। राहुल ने कहा, “हरियाणा में पोस्टल बैलेट और EVM वोट में बड़ा अंतर दिखा। एग्जिट पोल में कांग्रेस आगे थी, लेकिन नतीजों में आंकड़े पलट दिए गए। यह लोकतंत्र की हत्या है।” उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पर निशाना साधते हुए कहा, “सैनी ने कहा था कि हमारे पास सारी व्यवस्थाएं हैं वही व्यवस्थाएं वोट चोरी की हैं।”
लिस्ट से नाम गायब
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ वीडियो भी दिखाए, जिनमें राई विधानसभा के मतदाता बता रहे थे कि लोकसभा चुनाव में उन्होंने वोट किया था, लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले उनका नाम सूची से काट दिया गया। कांग्रेस नेता ने कहा, “यह सिर्फ हरियाणा का मामला नहीं है, यह देशभर में हो रहा है। युवाओं का भविष्य और लोकतंत्र दोनों चोरी हो रहे हैं। मैं 101% सच बोल रहा हूं और सारे सबूत मेरे पास हैं।”
ये भी पढ़े : मिर्जापुर में ट्रेन हादसा : गंगा स्नान के लिए जा रहे 6 श्रद्धालु ट्रेन की चपेट में आए, सभी की दर्दनाक मौत

