होम = State = हरियाणा = फरीदाबाद में इंसानियत शर्मसार, लिफ्ट बनी हैवानियत का जाल! चलती कार में युवती से दरिंदगी

फरीदाबाद में इंसानियत शर्मसार, लिफ्ट बनी हैवानियत का जाल! चलती कार में युवती से दरिंदगी

Faridabad Gang Rape News: हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां देर रात घर से निकली एक युवती को लिफ्ट के बहाने दरिंदगी का शिकार बना लिया गया। दो युवकों ने भरोसा जीतकर उसे कार में बैठाया और फिर चलती गाड़ी में उसके साथ हैवानियत की हदें पार कर दीं। घटना फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड की बताई जा रही है। पीड़िता अपने घर से सहेली के घर जाने के लिए निकली थी। रात करीब 8:30 बजे उसने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि घर में मां से कहासुनी हो गई है, इसलिए वह कुछ देर के लिए सहेली के यहां जा रही है और तीन घंटे में लौट आएगी।

भरोसा कर युवती कार में बैठी

लेकिन रात करीब 12 बजे जब वह सड़क पर सवारी का इंतजार कर रही थी, तभी एक कार आकर रुकी। कार में पहले से दो युवक मौजूद थे। उन्होंने युवती को लिफ्ट देने की बात कही। भरोसा कर युवती कार में बैठ गई, लेकिन यह फैसला उसकी जिंदगी का सबसे भयावह मोड़ बन गया। आरोप है कि कार में बैठते ही दोनों युवक उसे फरीदाबाद से गुरुग्राम की ओर ले गए। रास्ते में एक आरोपी गाड़ी चलाता रहा जबकि दूसरा युवती के साथ जबरदस्ती करता रहा। जब उसने विरोध किया तो उसे बेरहमी से पीटा गया। करीब दो घंटे तक आरोपी उसे चलती कार में घुमाते रहे।

चलती कार से फेंका

हद तब पार हो गई जब देर रात करीब तीन बजे आरोपियों ने युवती को सड़क किनारे चलती कार से धक्का देकर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। सड़क पर गिरने से उसके चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में उसने किसी तरह अपनी बहन को कॉल कर पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और उसे तुरंत फरीदाबाद के सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उसे दिल्ली एम्स रेफर किया, हालांकि फिलहाल उसका इलाज फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसके चेहरे पर टांके लगाने पड़े हैं।

शहरों में महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की बहन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। यह वारदात एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि शहरों में महिलाओं की सुरक्षा कितनी कमजोर हो चुकी है। देर रात घर से निकलने वाली बेटियां आज भी असुरक्षित हैं, और भरोसे का फायदा उठाकर दरिंदे खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: रामनगरी में आज आस्था का महासंगम, प्रतिष्ठा द्वादशी पर रामलला का भव्य अभिषेक, मंत्रोच्चार से गूंजा मंदिर परिसर

बंगाल