Gujarat News : गुजरात के सूरत जिले में स्थित एक सरकारी स्कूल में नॉनवेज पार्टी आयोजित किए जाने से विवाद खड़ा हो गया। मामला इसलिए और गंभीर हो गया क्योंकि पार्टी के दौरान स्कूल परिसर में लगी मां सरस्वती की मूर्ति को कपड़े से ढक दिया गया। जब मीडिया टीम मौके पर पहुंची तो स्कूल स्टाफ और शिक्षक वहां से फरार हो गए।
स्कूल में हुई ‘नॉनवेज पार्टी’
बता दें कि यह पूरा मामला गोडादरा स्थित शिक्षण समिति के स्कूल का है, जहां रविवार को एक नॉनवेज “पार्टी ” आयोजित की गई। जानकारी के मुताबिक, यह आयोजन 1987 से 1991 के बीच स्कूल में पढ़े तेलुगू समाज के पूर्व छात्रों ने किया था। चौकाने वाली बात ये रही कि कार्यक्रम के दौरान चिकन और मटन परोसा गया और प्रिंसिपल भी मौजूद थे।
मां सरस्वती की मूर्ति को ढका चुनरी से
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने स्कूल परिसर में लगी मां सरस्वती की मूर्ति को चुनरी से ढक दिया, जिससे विवाद और गहरा गया।
स्कूल के सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि सभी लोग सुबह से ही स्कूल पहुंचे थे और कार्यक्रम वहीं हुआ था।
जांच के आदेश, कार्रवाई की तैयारी
शिक्षण समिति के अध्यक्ष राजेंद्र कपाड़िया और प्रवक्ता विनोद गजेरा ने बताया कि उन्होंने स्कूल प्रिंसिपल से बात की है और उन्होंने अपनी गलती मान ली है।
उन्होंने कहा कि सोमवार को समिति की बैठक बुलाई गई है, जिसमें पूरे मामले की जांच कर प्रिंसिपल पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिहार में भी हुआ था ऐसा ही मामला
कुछ महीने पहले बिहार के भभुआ जिले में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां 11 शिक्षकों ने स्कूल के अंदर चिकन पार्टी की थी।
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच कर सभी 11 शिक्षकों को निलंबित कर दिया था।

