Gujrat News: गुजरात में CM भूपेश पटेल के नेतृत्व वाले पूरे मंत्रिमंडल ने 15 अक्टूबर 2025 को एक साथ इस्तीफा दे दिया। इस सामूहिक इस्तीफे की मुख्य वजह 16 अक्टूबर 2025 को होने वाला मंत्रिमंडल का विस्तार बताया जा रहा है। हालांकि सीएम पटेल पद पर बने रहेंगे। भाजपा के सूत्रों के अनुसार यह कदम संगठन में नए चेहरों को मौका देने और सरकार में संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है, जबकि लगभग आधे मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी तय मानी जा रही है।
कल होगा मंत्रिमंडल का विस्तार
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 12 दिसंबर 2022 को लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। मौजूदा कैबिनेट में कुल 17 सदस्य थे जिनमें आठ कैबिनेट मंत्री और आठ राज्य मंत्री (MoS) शामिल थे। अब नई टीम में बड़े बदलाव की संभावना है। मंत्रिमंडल विस्तार शुक्रवार सुबह 11:30 बजे होने की संभावना है। गुजरात विधानसभा की 182 सीटों के हिसाब से राज्य में अधिकतम 15 प्रतिशत यानी 27 मंत्री बनाए जा सकते हैं। एक वरिष्ठ बीजेपी नेता ने बताया कि इस बार के विस्तार में राज्य को लगभग 10 नए मंत्री मिल सकते हैं। पार्टी संगठन इस फेरबदल के जरिए युवा और अनुभवी नेताओं का संतुलन, महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व पर विशेष ध्यान दे रही है।
2021 जैसी अपनाई रणनीति
याद दिला दें कि सितंबर 2021 में भी गुजरात में पूरी कैबिनेट को बदल दिया गया था। उस वक्त विजय रूपाणी को हटाकर भूपेंद्र पटेल को मुख्यमंत्री बनाया गया था। अब 2025 के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से करीब दो साल पहले फिर से वही रणनीति अपनाई गई है। राज्य की राजनीति पर नज़र रखने वाले विश्लेषक मानते हैं कि भाजपा लगातार ‘नए चेहरे, नई टीम’ के फॉर्मूले पर काम कर रही है। 2022 के चुनाव में पार्टी ने 182 में से 103 नए उम्मीदवारों को टिकट दिया था और 38 विधायकों को रिप्लेस किया था। इसका नतीजा यह हुआ कि भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 156 सीटें अपने नाम की थीं।
भाजपा बदलाव से नहीं डरती
इस मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पार्टी को राज्य में मजबूत स्थिति बनाने में मदद मिलेगी। नए मंत्रियों की जिम्मेदारियों का वितरण और उनकी शपथ लेने की प्रक्रिया कल पूरी होने की संभावना है, जिससे सरकार की कार्य प्रणाली और संगठनात्मक संरचना दोनों को नई दिशा मिलेगी। इस बार भी संदेश साफ है भाजपा बदलाव से डरती नहीं, बल्कि उसी से आगे बढ़ती है। अब सबकी निगाहें कल सुबह होने वाले कैबिनेट विस्तार पर टिकी हैं, जब यह साफ होगा कि गुजरात की नई सियासी टीम में कौन रहेगा और कौन बाहर जाएगा।
ये भी पढ़े: PM Modi ने की श्रीशैलम मंदिर में की पूजा, ध्यान केंद्र का करेंगे दौरा

