होम = State = गुजरात = विशाल फार्मा कंपनी में बॉयलर धमाका: एक की मौत, 24 घायल, कई फैक्ट्रियों में तबाही का मंजर

विशाल फार्मा कंपनी में बॉयलर धमाका: एक की मौत, 24 घायल, कई फैक्ट्रियों में तबाही का मंजर

by | Nov 12, 2025 | गुजरात

Gujarat News: गुजरात के भरूच ज़िले के वागरा तहसील स्थित सायखा GIDC औद्योगिक क्षेत्र में देर रात एक भयावह हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मंगलवार की रात करीब 2:30 बजे विशाल फार्मा कंपनी में अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर तक लोगों को झटका महसूस हुआ और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।

विस्फोट फिर फैक्ट्री में आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट के तुरंत बाद फैक्ट्री के भीतर आग की लपटें उठीं और कई मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे के वक्त कंपनी में रात की शिफ्ट में काम चल रहा था। प्रशासन के अनुसार, अब तक एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो चुकी है, जबकि करीब 24 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को भरूच और अंकलेश्वर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।

धमाके का असर सिर्फ विशाल फार्मा तक सीमित नहीं रहा। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास की 4 से 5 अन्य फैक्ट्रियों की दीवारें दरक गईं और कई जगह शीशे टूट गए। कई कर्मचारियों ने बताया कि धमाके के बाद पूरा क्षेत्र धुएं और रासायनिक गंध से भर गया, जिससे सांस लेना भी मुश्किल हो गया।

घंटो की मशक्कत के बाद आग पर काबू

हादसे की सूचना मिलते ही वागरा प्रशासन, दमकल विभाग और पुलिस की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। करीब चार से पांच दमकल गाड़ियों ने मिलकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है। मलबे में किसी के फंसे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

हादसे का सही कारण अभी नहीं आया सामने

फिलहाल हादसे के सही कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक अनुमान है कि बॉयलर के अधिक दबाव या तकनीकी खराबी के कारण यह विस्फोट हुआ। प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका पर भी जांच के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद से पूरे सायखा GIDC इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अभी भी उस भयावह रात के सदमे से उबर नहीं पाए हैं।

ये भी पढ़ें: आज 12 मंत्रियों की किस्मत EVM में कैद, मैदान में तगड़ा मुकाबला, जानिए कौन कहां से लड़ रहा सियासी रण

बंगाल