होम = क्राइम = गुरुग्राम में डिलीवरी बॉय के किडनैपिंग की कोशिश का वीडियो आया सामने

गुरुग्राम में डिलीवरी बॉय के किडनैपिंग की कोशिश का वीडियो आया सामने

Gurugram kidnapping News: सोशल मीडियो पर गुरुग्राम के रोड पर एक शख्स का दिनदहाड़े किडनैपिंग की कोशिश का वीडियो वायरल हो रहा है। गुरुग्राम पुलिस हरकत में आई और तुरंत कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने डिलीवरी बॉय के अपहरण और उसके साथ मारपीट करने के मामले में दो आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

युवक को लाठी-डंडे से पीटा

पीड़ित युवक ने बताया कि वो भिवानी का रहने वाला है और गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता है। 21 जनवरी की शाम करीब 5 बजकर 20 मिनट पर वो अपने साथी पंकज के साथ डिलीवरी पूरी कर वापस लौट रहा था। जब वो सुजुकी कंपनी के पास एसबीआई रोड पर पहुंचा, तभी एक स्विफ्ट कार ने उसकी बाइक के सामने अचानक गाड़ी लगा दी। इसी दौरान एक दूसरी कार भी वहां आ गई. दोनों गाड़ियों से जयबीर, अमन और उनके कुछ अन्य साथी उतरे और पीड़ित को जबरन उसकी बाइक से नीचे उतार लिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे जबरन कार में डालकर अपहरण कर लिया।

पीछा कर पुलिस ने आरोपियों को काबू में किया

इसी दौरान मौके पर पुलिस की ईआरवी टीम पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी घबरा गए और भागने लगे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर अमन और जयबीर को कार सहित काबू कर लिया और पीड़ित युवक को सुरक्षित उनके चंगुल से छुड़ा लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी जयबीर ने दावा किया कि पीड़ित उसका दोस्त है और वर्ष 2024 में उसने अपना ट्रक बेचकर करीब 6 लाख 50 हजार रुपये हासिल किए थे, जो उसकी कार में रखे थे। आरोप है कि पीड़ित ने वो रकम चोरी कर ली थी और वापस नहीं कर रहा था, इसी कारण आरोपियों ने ये साजिश रची। गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों का मकसद पीड़ित को डरा-धमकाकर पैसे वसूलना था।

ये भी पढ़ें: इंजीनियर युवराज की मौत मामले में नोएडा पुलिस ने 2 और बिल्डरों को किया गिरफ्तार