होम = News Latest = मार्च की गर्मी में अचानक कोहरे की चादर! आखिर क्यों धुंध में डूबा दिल्ली-NCR? मौसम विभाग ने बताया वैज्ञानिक कारण

मार्च की गर्मी में अचानक कोहरे की चादर! आखिर क्यों धुंध में डूबा दिल्ली-NCR? मौसम विभाग ने बताया वैज्ञानिक कारण

Delhi-NCR Weather Forecast: दिल्ली-NCR के लोगों ने मंगलवार सुबह एक बेहद असामान्य मौसम का अनुभव किया। मार्च की बढ़ती गर्मी के बीच पूरा इलाका अचानक घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। कई जगहों पर दृश्यता घटकर करीब 600 मीटर तक पहुंच गई, जिससे लोग हैरान रह गए। खास बात यह है कि पिछले कुछ दिनों से तापमान सामान्य से काफी ज्यादा चल रहा है और इस साल मार्च की शुरुआत को पिछले लगभग 50 वर्षों में सबसे गर्म शुरुआतों में गिना जा रहा है।

क्या है मुख्य कारण

विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति कई मौसमीय कारणों के एक साथ सक्रिय होने से बनी। India Meteorological Department के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय Western Disturbance ने निचले स्तर पर स्थिर हवा की परत बना दी। इसी दौरान Bay of Bengal की ओर से आने वाली नम पूर्वी हवाएं Delhi-NCR तक पहुंच गईं। इस मौसमीय संयोजन में नीचे ठंडी और नम हवा फंस गई, जबकि दिन में तेज धूप के कारण तापमान ऊंचा बना रहा। रात के समय जब सतह का तापमान तेजी से गिरा तो रेडिएशन फॉग बनने की आदर्श स्थिति तैयार हो गई, जिसके कारण सुबह घना कोहरा देखने को मिला।

पहले भी हो चूका है ऐसा मौसम

मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि मार्च के शुरुआती दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में इस तरह का कोहरा पहले भी दर्ज किया जा चुका है। उदाहरण के तौर पर 2008, 2010 और 2013 में भी इसी तरह की धुंध के कारण बिजली ग्रिड और ट्रांसमिशन लाइनों में तकनीकी दिक्कतें सामने आई थीं। आने वाले दिनों को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि यदि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहा और नमी की आपूर्ति जारी रही तो अगले 1–2 दिनों तक सुबह हल्का कोहरा बना रह सकता है। हालांकि दिन में तेज धूप के कारण तापमान ऊंचा ही रहने की संभावना है।

कुल मिलाकर, गर्मी के बीच अचानक छाया यह कोहरा भले ही लोगों को चौंका रहा हो, लेकिन मौसम विज्ञान के अनुसार यह एक स्वाभाविक और पहले भी देखा गया पैटर्न है।

ये भी पढ़ें: 11 दिनों में हजारों मौतें! अमेरिका-इज़राइल और ईरान की जंग ने मिडिल ईस्ट को बना दिया मौत का मैदान

बंगाल