School Closed : नोएडा में छात्रों के लिए काम की खबर है। कांवड़ यात्रा के कारण ट्रैफिक जाम और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बुधवार 23 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने का आदेश जारी किया है। यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।
इस तारीख से खुलेंगे स्कूल
जिलाधिकारी के आदेशानुसार, गौतमबुद्ध नगर में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बुधवार 23 जुलाई को बंद रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस दिन स्कूलों को केवल ऑनलाइन क्लासेस संचालित करने की अनुमति है। यह नियम केवल एक दिन के लिए लागू है और 24 जुलाई से स्कूल नियमित रूप से खुल जाएंगे।
स्कूल इन नियमों की अनदेखी न करें
हिंदू कैलेंडर के अनुसार वर्तमान में सावन माह चल रहा है, जिसमें 11 से 23 जुलाई तक कांवड़ यात्रा का आयोजन हो रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों से गुजरते हैं, जिससे भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों को आने-जाने के दौरान होने वाली किसी भी प्रकार की समस्या से बचाने हेतु यह निर्णय लिया है। प्रशासन की ओर से स्कूलों को बंद रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कोई स्कूल इन नियमों की अनदेखी करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इन जिलों में भी स्कूल बंद
कांवड़ यात्रा के प्रभाव से केवल नोएडा ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के कई जिले प्रभावित हैं। गाजियाबाद के स्कूल भी 23 जुलाई तक बंद रहेंगे। इसके अतिरिक्त मुजफ्फरनगर, मेरठ, बरेली और बदायूं जिलों में भी 16 जुलाई से 23 जुलाई तक स्कूलों में अवकाश है। मेरठ में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही के कारण सभी शैक्षणिक संस्थान 23 जुलाई तक बंद हैं। मुजफ्फरनगर प्रशासन ने भी सभी स्कूल प्रमुखों को समान निर्देश जारी किए हैं।
ये भी पढ़ें- Sharda University Suicide Case : डीन और एचओडी पर गिरी गाज, चारों प्रोफेसर सस्पेंड

