होम = State = दिल्ली/NCR = दिल्ली धमाके के बाद लखनऊ में छापेमारी, डॉ परवेज अंसारी घर पर नहीं मिले

दिल्ली धमाके के बाद लखनऊ में छापेमारी, डॉ परवेज अंसारी घर पर नहीं मिले

by | Nov 12, 2025 | दिल्ली/NCR

Delhi Bomb Blast : दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार को हुए धमाके के बाद लखनऊ में बड़ी छापेमारी की गई है। यूपी एटीएस, लखनऊ पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने डॉ परवेज अंसारी के मड़ियांव स्थित घर पर छापेमारी की। ये कार्रवाई फरीदाबाद में पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल से जुड़े होने के कारण की गई है।

घर का ताला तोड़कर छापेमारी

टीम सुबह 6 बजे डॉ परवेज अंसारी के घर पहुंची। घर में ताला लगा था, जिसे तोड़कर पुलिस ने अंदर जाकर छापेमारी की। इस दौरान कई दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कार और बाइक बरामद किए गए। हालांकि डॉ परवेज अंसारी घर पर मौजूद नहीं थे।

पुराने संबंधों का खुलासा

जानकारी के मुताबिक, डॉ परवेज अंसारी का फरीदाबाद में पकड़े गए डॉ मुजम्मिल से पुराने संबंध हैं। डॉ मुजम्मिल लखनऊ की इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में काम करते हैं। इसी कनेक्शन के चलते एटीएस और पुलिस ने अंसारी के घर छापेमारी की।

लखनऊ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में कार्रवाई

यूपी एटीएस और पुलिस ने लखनऊ के अलावा मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में भी छापेमारी की। सहारनपुर से दो लोगों को हिरासत में लिया गया। मुजफ्फरनगर में एक मदरसे में छापेमारी की गई और आतंकी सुलेमान और सोहेल से पूछताछ की गई।

फरीदाबाद मॉड्यूल और विस्फोटक बरामद

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोमवार को फरीदाबाद से एक आतंकी मॉड्यूल पकड़ा था। इसमें भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फरीदाबाद मॉड्यूल का दिल्ली धमाके से सीधा संबंध है या नहीं।

फिदायीन हमले का संकेत

दिल्ली धमाका i-20 कार में हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हुए। धमाका इतना भयंकर था कि कई शव टुकड़ों में बिखर गए। जांच एजेंसियां इसे फिदायीन हमले की तरफ इशारा मान रही हैं और दिल्ली धमाके के तार फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल से भी जुड़ रहे हैं।

Tags :