Delhi News: दिल्ली में इस बार छठ पर्व पहले से कहीं ज्यादा भव्य और खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राजधानी में छठ पूजा की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी और बड़ा ऐलान किया कि यमुना पर छठ पूजा से प्रतिबंध हमारी सरकार ने हटा दिया है। उन्होंने बताया कि वर्षों से जो पाबंदी पिछले शासनकाल में लगाई गई थी, उसे अब पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है ताकि श्रद्धालु बिना किसी भय या रोक-टोक के यमुना के तट पर पूजा-अर्चना कर सकें।
17 स्थानों पर मॉडल छठ घाट
CM गुप्ता ने कहा कि सरकार इस बार 17 स्थानों पर मॉडल छठ घाट बना रही है। इसके अलावा दिल्लीभर में करीब 1000 से अधिक समितियों ने छठ पर्व आयोजित करने के लिए आवेदन किया है, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। पिछले वर्ष जहां 929 स्थानों पर छठ मनाई गई थी, वहीं इस बार यह संख्या पार होने जा रही है। सभी पूजा स्थलों पर टेंट, बिजली, साफ-सफाई, जल व्यवस्था और शौचालयों की सुविधा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक जिले और उप-जिले में कम से कम एक आदर्श घाट अवश्य बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य द्वार और पुष्पवर्षा की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही भोजपुरी और मैथिली भाषाओं में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर माहौल को धार्मिक रंग में रंगा जाएगा।
सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि सभी श्रद्धालु स्वच्छ जल में खड़े होकर सूर्य देवता की उपासना करें। इसके लिए आज से विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है, जिसमें सांसद, विधायक और पार्षद अपने क्षेत्रों के घाटों पर जाकर सफाई अभियान में भाग लेंगे।
दिल्ली सरकार के संभव कदम
CM रेखा गुप्ता ने एक और बड़ा फैसला घोषित किया उन्होंने कहा कि 2021 में यमुना पर छठ मनाने वालों पर दर्ज किए गए सभी मुकदमे और FIR वापस ली जाएंगी। यह कदम श्रद्धालुओं के सम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता को बहाल करने की दिशा में उठाया गया है। वायु प्रदूषण को लेकर सीएम गुप्ता ने कहा कि इस बार दिवाली के बाद AQI में सुधार देखने को मिला है। उन्होंने दावा किया कि “सरकार दिल्ली की हवा को साफ रखने और त्यौहारों को शुद्ध वातावरण में मनाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
ये भी पढ़े: दिल्ली का ‘दिल’ Connaught Place: जानिए क्यों रखा गया इसका ये शाही नाम

