होम = State = दिल्ली/NCR = नोएडा-ग्रेनो प्राधिकरण में चली तबादला एक्सप्रेस, देखिए किसको मिली कहां की जिम्मेदारी

नोएडा-ग्रेनो प्राधिकरण में चली तबादला एक्सप्रेस, देखिए किसको मिली कहां की जिम्मेदारी

Noida : नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यमुना प्राधिकरण (यीडा) में बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इन बदलावों से इन तीनों प्राधिकरण में काम कर रहे अधिकारियों में हलचल मच गई है। सरकार ने इन ट्रांसफर के जरिए कई अधिकारियों को यूपीसीडा (उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण) में भेजा है। कुछ अधिकारियों को एक प्राधिकरण से दूसरे प्राधिकरण में भेजा गया है। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों प्राधिकरण के अंदर लंबे समय से तैनात अफसरों का तबादला किया जाएगा।

इनका हुआ ट्रांसफर

नोएडा प्राधिकरण में उद्यान विभाग के सहायक निदेशक ज्ञानेन्द्र कुमार और सहायक महाप्रबंधक (एजीएम) शोभा कुशवाहा को यूपीसीडा भेजा गया है। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में पूर्व में तैनात महाप्रबंधक अशोक कुमार अरोड़ा को वापस नोएडा प्राधिकरण में महाप्रबंधक के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं नोएडा प्राधिकरण में कार्यरत प्रबंधक (सिविल) आदित्य चौहान का तबादला यूपीसीडा के वाराणसी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में किया गया है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी तबादला

यूपीसीडा में तैनात प्रबंधक अमित कुमार को अब यीडा भेजा गया है। ग्रेटर नोएडा में ओएसडी नवीन कुमार सिंह को यूपीसीडा में भेजा गया है, जबकि गोरखपुर प्राधिकरण में तैनात सीनियर स्टाफ अफसर काशी प्रसाद को ग्रेटर नोएडा में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। यूपीसीडा के अलीगढ़ दफ्तर में तैनात मुकेश कुमार सिंह कुशवाहा को ग्रेटर नोएडा में वित्त और लेखाधिकारी के पद पर भेजा गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में प्रबंधक आराधना का तबादला यूपीसीडा में कर दिया गया है। यमुना प्राधिकरण में तैनात प्रबंधक राजवीर वीरेन्द्र सिंह को भी यूपीसीडा भेजा गया है।

(नितिन पाराशर)