होम = State = दिल्ली/NCR = दिल्ली-NCR में प्रदूषण से राहत नहीं, हवा अब भी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में

दिल्ली-NCR में प्रदूषण से राहत नहीं, हवा अब भी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में

by | Oct 26, 2025 | दिल्ली/NCR

Delhi-NCR : राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक स्थिति में बना हुआ है। आज भी वायु गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं दिखा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 322 दर्ज किया गया है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। इंडिया गेट क्षेत्र में AQI 325 तक पहुंच गया, जबकि लोधी रोड पर यह 287 दर्ज किया गया है।

प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम और संबंधित एजेंसियां सड़कों व हरियाली इलाकों में पानी का छिड़काव कर रही हैं। इसके बावजूद हवा में मौजूद हानिकारक कणों की मात्रा कम नहीं हो रही है। शनिवार को भी दिल्ली के 16 निगरानी केंद्रों पर AQI ‘बहुत खराब’ स्तर (300 से ऊपर) पर दर्ज किया गया था।

विभिन्न इलाकों का AQI स्तर

  • लोनी (गाजियाबाद) – 320
  • इंदिरापुरम – 319
  • वसुंधरा – 345
  • सेक्टर-62 (नोएडा) – 288
  • नॉलेज पार्क (ग्रेटर नोएडा) – 283
  • सेक्टर-51 (गुरुग्राम) – 355
  • आनंद विहार – 430
  • दिल्ली एयरपोर्ट – 269
  • जहांगीरपुरी – 370
  • लोधी रोड – 283
  • रोहिणी – 362

ठंडी होने लगी दिल्ली की रातें

दिल्ली-NCR में अब मौसम करवट लेने लगा है। दिन में हल्की गर्माहट बनी हुई है, लेकिन शाम और रात के समय ठंड का असर महसूस होने लगा है। शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री कम 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुरुग्राम में यह 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय हल्की धुंध छाई रही, जिससे दृश्यता कुछ कम रही।

मौसम विभाग का कहना है कि हवा की गति कम होने के कारण आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है। वहीं, तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा।

ये भी पढ़े – दिल्ली के स्कूलों में बड़ा बदलाव: अब 6 साल से कम उम्र के बच्चों को नहीं मिलेगा पहली कक्षा में दाखिला, शिक्षा निदेशालय ने जारी किया नया नियम

किसानों के लिए राहत की खबर

विशेषज्ञों के अनुसार, तापमान में यह गिरावट रबी फसलों जैसे गेहूं, सरसों और चने के लिए लाभदायक है। इस समय का मौसम उनकी बुआई के लिए अनुकूल माना जाता है। इससे किसानों को अच्छी पैदावार की उम्मीद है।

31 अक्टूबर तक साफ रहेगा आसमान

भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर तक आसमान साफ रहने की संभावना है। हालांकि दिन में हल्की गर्मी बनी रहेगी, लेकिन रात का तापमान धीरे-धीरे और नीचे जा सकता है। नवंबर के पहले सप्ताह तक न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे सर्दी का असर और बढ़ेगा।

Tags : Delhi-NCR

बंगाल