होम = Cover Story Featured = दिल्ली की ओर नीतीश का कदम, राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेकर शुरू की नई संसदीय पारी

दिल्ली की ओर नीतीश का कदम, राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेकर शुरू की नई संसदीय पारी

Nitish Kumar Rajya Sabha Oath: बिहार की राजनीति में आज बड़ा मोड़ देखने को मिला, जब नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेकर अपनी नई संसदीय पारी की शुरुआत की। शपथ से पहले उन्होंने संसद में जेपी नड्डा से मुलाकात की, जिसने सियासी हलकों में हलचल और तेज कर दी। राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई। इसके साथ ही नीतीश कुमार उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए, जो विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा चारों सदनों का हिस्सा रह चुके हैं।

नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज

नीतीश के राज्यसभा जाने के साथ ही बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। एनडीए के भीतर इस मुद्दे पर मंथन जारी है और जल्द ही नए नेतृत्व पर फैसला होने की संभावना है। इसी बीच पटना में सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाने के समर्थन में पोस्टर भी सामने आए, हालांकि बाद में कुछ पोस्टर हटा दिए गए। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में बीजेपी की कोर ग्रुप बैठक में बिहार के राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा हो रही है। विजय कुमार सिन्हा सहित कई वरिष्ठ नेता पहले से दिल्ली में मौजूद हैं। माना जा रहा है कि 14 अप्रैल को होने वाली एनडीए विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग सकती है।

जल्द ही छोड़ेंगे मुख्यमंत्री पद

नीतीश कुमार पहले ही विधान परिषद से इस्तीफा दे चुके हैं और संकेत साफ हैं कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री पद भी छोड़ेंगे। हालांकि, पार्टी का कहना है कि आने वाली सरकार भी ‘नीतीश मॉडल’ पर ही आगे बढ़ेगी। दिल्ली की ओर बढ़ता यह कदम न सिर्फ नीतीश कुमार के राजनीतिक करियर का नया अध्याय है, बल्कि बिहार की सियासत के लिए भी बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि राज्य की कमान आखिर किसके हाथों में जाएगी।

ये भी पढ़ें: UP में आज फाइनल वोटर लिस्ट जारी, सपा का ने लगाया आरोप, चुनाव आयोग BJP के साथ मिला हुआ