होम = State = दिल्ली/NCR = लाल किले धमाके की गुत्थी गहराई, आमिर की हिरासत 10 दिन बढ़ी, शोएब भी NIA के शिकंजे में… जांच में बड़े राज़ खुलने के संकेत

लाल किले धमाके की गुत्थी गहराई, आमिर की हिरासत 10 दिन बढ़ी, शोएब भी NIA के शिकंजे में… जांच में बड़े राज़ खुलने के संकेत

Delhi Blast Case: लाल किला इलाके में हुए ब्लास्ट के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। बुधवार को पटियाला हाउस कोर्ट ने इस केस के दो अहम आरोपियों आमिर राशिद अली और शोएब को लेकर बड़ा फैसला सुनाया। अदालत ने आमिर की NIA हिरासत 10 दिन के लिए बढ़ा दी, वहीं शोएब को भी कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया। दोनों को प्रधान जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अंजू बजाज चंदना की अदालत में पेश किया गया, जहां NIA ने हिरासत बढ़ाने की ज़रूरत पर तर्क रखे।

हाल ही में हुई गिरफ्तारी

इस विस्फोट मामले में जांच एजेंसी ने हाल ही में फरीदाबाद से शोएब को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि शोएब ने कथित आतंकी उमर नबी को धमाके से ठीक पहले ठिकाना और लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध कराया था। इससे पहले भी NIA इस संदिग्ध से पूछताछ कर चुकी थी, लेकिन उस समय उसे छोड़ दिया गया था। हालांकि हालिया नई जानकारियों ने मामले की दिशा बदल दी, जिसके बाद शोएब को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया और फिर गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी गिरफ्तारी के साथ इस आतंकी साजिश से जुड़े आरोपियों की कुल संख्या अब सात हो गई है।

जांच में क्या हुआ खुलासा?

दूसरी ओर, आमिर राशिद अली इस केस में NIA के रडार पर पहले से था, क्योंकि विस्फोट में इस्तेमाल की गई i20 कार उसके नाम पर रजिस्टर्ड थी। शुरूआती जांच में सामने आया कि आमिर ने न सिर्फ हमलावर के साथ संपर्क रखा, बल्कि पूरी साजिश तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। NIA ने दिल्ली पुलिस से केस अपने हाथ में लेने के बाद कई राज्यों में खोजबीन चलाई और आखिरकार उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया।

एजेंसी का दावा

जांच एजेंसी का दावा है कि आने वाले दिनों में इन दोनों आरोपियों से पूछताछ ही इस पूरे मॉड्यूल की असल तस्वीर सामने लाएगी। NIA अब उनके जरिए आतंकी नेटवर्क, फंडिंग चैन, और विस्फोट में इस्तेमाल लॉजिस्टिक्स को जोड़ने की कोशिश कर रही है। अदालत द्वारा दी गई अतिरिक्त हिरासत जांच को और तेज़ करेगी।

ते भी पढ़े: कैबिनेट का बड़ा दांव, 7,280 करोड़ की रेयर अर्थ मैग्नेट स्कीम मंज़ूर, बदल जाएगी ट्रैफिक की किस्मत