Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड का मिज़ाज इन दिनों लोगों को चौंका रहा है। शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम के औसत से करीब 1.2 डिग्री अधिक है। ठंड भले ही थोड़ी नरम महसूस हो रही हो, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 3 से 6 जनवरी के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में शीतलहर चल सकती है। नियमों के अनुसार, जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री तक नीचे चला जाए, तब शीतलहर घोषित की जाती है।
क्या है इलाकों का हाल
अलग-अलग इलाकों की बात करें तो सफदरजंग में तापमान 8.1 डिग्री, पालम में 7.9 डिग्री, लोधी रोड में 8 डिग्री और रिज इलाके में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आयानगर एकमात्र ऐसा क्षेत्र रहा जहां तापमान सामान्य से थोड़ा कम, यानी 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 95 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे ठंड ज्यादा चुभती महसूस हुई।
हवा अभी पूरी तरह से साफ़ नहीं
उधर, हवा की गुणवत्ता ने भी मुश्किलें बढ़ा दीं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार सुबह 9 बजे दिल्ली का एक्यूआई 240 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड, नमी और प्रदूषण का यह मेल आने वाले दिनों में परेशानी बढ़ा सकता है। क्या आने वाले दिन दिल्ली वालों के लिए और ज्यादा सर्द और भारी साबित होंगे? मौसम पर नजर रखना जरूरी है।
ये भी पढ़ें: सर्दियों में पपीता खाना सही या नुकसानदेह? डायटिशियन ने तोड़ा भ्रम, बताए चौंकाने वाले फायदे!

