होम = State = दिल्ली/NCR = लाल किले के पास हुए धमाके की जांच में बड़ा मोड़, मरने वाला निकला डॉक्टर उमर

लाल किले के पास हुए धमाके की जांच में बड़ा मोड़, मरने वाला निकला डॉक्टर उमर

by | Nov 13, 2025 | दिल्ली/NCR, देश

DNA टेस्ट से पुष्टि कार में मिला शव पुलवामा के आतंकी उमर का था

Delhi Bomb Blast: लाल किले के पास सोमवार शाम को हुए धमाके की जांच में अब तक का सबसे बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों ने पुष्टि की है कि धमाका करने वाला आतंकी डॉ. उमर नबी ही था। वह पुलवामा का रहने वाला था और धमाके वाली कार में मौजूद था। DNA टेस्ट के बाद यह बात पूरी तरह साफ हो गई है कि कार में जो जली हुई लाश मिली थी, वह उसी की थी।

सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद कार पूरी तरह जल गई थी और शव की पहचान करना मुश्किल हो गया था। इसलिए एजेंसियों ने DNA सैंपल जांच के लिए भेजे थे। अब रिपोर्ट आने के बाद उमर की पहचान पक्की हो गई है। बताया जा रहा है कि उमर नबी पहले डॉक्टर था, लेकिन बाद में आतंक के रास्ते पर चला गया था।

धमाका सोमवार शाम करीब 6:45 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ था। उस समय इलाके में भारी भीड़ थी। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास की खिड़कियां तक हिल गईं। मौके पर पुलिस और बम निरोधक दस्ता तुरंत पहुंच गया था। जांच के दौरान कार के टुकड़े चारों तरफ बिखरे मिले।

जानकारी के अनुसार, कार में विस्फोटक पहले से लगाया गया था। ऐसा माना जा रहा है कि आतंकी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन बीच रास्ते में ही विस्फोट हो गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उमर का नाम पहले भी कई आतंकी गतिविधियों में सामने आ चुका था। वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में था। अब DNA रिपोर्ट आने के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाके में और कौन-कौन शामिल थे और विस्फोटक कहां से लाया गया था।

जांच जारी, सुराग जुटा रही दिल्ली पुलिस

दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पूरे इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और भी कड़ी कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की दूसरी घटना को रोका जा सके।

बंगाल