होम = State = दिल्ली/NCR = सांसों पर पहरा: दिल्ली-NCR गैस चेंबर में तब्दील, AQI 400 के पार…लगने वाला है GRAP-3!

सांसों पर पहरा: दिल्ली-NCR गैस चेंबर में तब्दील, AQI 400 के पार…लगने वाला है GRAP-3!

Delhi AQI: दिल्ली-NCR की हवा एक बार फिर जहर उगल रही है। सोमवार की सुबह राजधानी के आसमान पर छाई घनी धुंध ने शहर को गैस चेंबर में बदल दिया। कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

CPCB (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, एम्स क्षेत्र का AQI 378, आनंद विहार में 379, तिलक मार्ग पर 376, इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर 326 और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के आसपास 310 दर्ज किया गया। वहीं, कई इलाकों में AQI “गंभीर” श्रेणी में पहुंच चुका है, जैसे बवाना (416), पंजाबी बाग (416), जहांगीरपुरी (413), रोहिणी (412) और आईटीओ (404)।

हवा में कोई सुधार नहीं

दिल्ली में यह लगातार 26वां दिन है जब हवा “खराब” या “बहुत खराब” श्रेणी में बनी हुई है। दीपावली के बाद से प्रदूषण का स्तर और भी तेजी से बढ़ा है। ड्रोन से ली गई तस्वीरों में बारापुल्ला ब्रिज और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के ऊपर गहरी धुंध साफ देखी जा सकती है।

राजनीतिक घमासान भी तेज

इस बीच, आम आदमी पार्टी ने केंद्र और दिल्ली सरकार पर डेटा में हेरफेर का आरोप लगाया है। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि “जहां AQI सबसे ज्यादा है, वहां मॉनिटरिंग स्टेशन बंद कर दिए जाते हैं ताकि आंकड़े बेहतर दिखें।” उन्होंने दावा किया कि सरकार असल प्रदूषण घटाने के बजाय डेटा सुधारने में लगी है।

वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ हवा हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन दिल्ली में जो लोग प्रदूषण के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, उन्हें अपराधी की तरह देखा जा रहा है।” राहुल ने एक्स पर पोस्ट कर भाजपा पर “वोट चोरी” और “जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने” का आरोप लगाया।

खतरनाक स्तर पर पीएम

शाम चार बजे हवा में PM10 का स्तर 316.4 और PM2.5 का स्तर 189.6 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। विशेषज्ञों का कहना है कि रोज़ाना AQI में 80 से 90 अंकों का उतार-चढ़ाव लोगों की सेहत पर गहरा असर डाल रहा है।

GRAP-3 लागू होने की तैयारी

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) अब GRAP-3 लागू करने पर विचार कर रहा है। अगर AQI 400 से ऊपर स्थिर हुआ, तो निर्माण गतिविधियों, तोड़फोड़, और डीजल वाहनों पर सख्त रोक लगेगी। स्कूलों में ऑनलाइन या हाइब्रिड मोड अपनाने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं। फिलहाल, दिल्ली और NCR के लोग एक बार फिर “सांस” के लिए जूझ रहे हैं और आसमान में फैली यह जहरीली चादर फिलहाल हटती नहीं दिख रही।

ये भी पढ़ें: SIR पर मचा सियासी बवाल: 12 राज्यों में कल से मतदाता सूची पुनरीक्षण, विपक्ष ने जताया विरोध

Tags : DELHI AQI

बंगाल