Ghaziabad Fake Embassy : उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की नोएडा यूनिट ने गाजियाबाद में चल रहे एक अवैध दूतावास का भंडाफोड़ करते हुए हर्षवर्धन जैन नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने कथित रूप से कई माइक्रोनेशन देशों जैसे West Arctica, Saborga, Poulvia, और Lodonia का नाम लेकर खुद को इन देशों का कांसुल और एम्बेसडर बताया था.
अवैध दूतावास और डिप्लोमैटिक गतिविधि
मिली जानकारी के अनुसार हर्षवर्धन जैन गाजियाबाद के कविनगर क्षेत्र के केबी 35 में किराए के मकान में रहकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहा था. हर्षवर्धन कई डिप्लोमेटिक पासपोर्ट और अन्य कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपा कर यहां रह रहा था. आरोपी के पास कई डिप्लोमेटिक नम्बर प्लेट वाली गाड़ियां भी थीं. वह खुद को कांसुल और एम्बेसडर बताता था. इसके अलावा उसने प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ मॉर्फ की हुई तस्वीरें भी प्रसारित कर रखी थी,ताकि लोगों को धोखा दिया जा सके.
मुख्य गतिविधियां और आरोप
पुलिस ने बताया कि हर्षवर्धन का मुख्य काम कंपनियों और प्राइवेट व्यक्तियों को विदेशी देशों में काम दिलाने के नाम पर दलाली करना और शेल कंपनियों के माध्यम से हवाला रैकेट चलाता था. इसके अलावा आरोपी के पूर्व में चंद्रास्वामी और अंतरराष्ट्रीय आर्म्स डीलर अदनान खगोशी से भी संपर्क होने की जानकारी मिली है. 2011 में हर्षवर्धन से अवैध सैटेलाइट फोन भी बरामद किया गया था,जिसकी शिकायत थाना कविनगर में दर्ज की गई थी.
STF की कार्रवाई में आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद
एसटीएफ की टीम ने हर्षवर्धन के कब्जे से कई महत्वपूर्ण और आपत्तिजनक दस्तावेज़ बरामद किए हैं. इसमें डिप्लोमैटिक नम्बर प्लेट वाली चार गाड़ियां, माइक्रोनेशन देशों के 12 डिप्लोमेटिक पासपोर्ट,विदेश मंत्रालय की मोहर लगी दस्तावेज, दो पैन कार्ड, विभिन्न देशों और कंपनियों की 34 मोहरें,2 कूटरचित प्रेस कार्ड, 44,70,000 रुपये नकद,कई देशों की विदेशी मुद्रा, कई कंपनियों और संस्थाओं के दस्तावेज और 18 डिप्लोमेटिक नंबर प्लेट्स शामिल हैं.
ये भी पढ़ें : Bihar assembly : किसी के बाप का नहीं है…राजद विधायक के बयान पर बिहार विधानसभा में बवाल
गाजियाबाद के थाना कविनगर में आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए अभियोग पंजीकृत किया गया है. एसटीएफ ने इस मामले में गंभीर जांच शुरू कर दी है और आरोपी से जुड़े अन्य रैकेट्स को उजागर करने के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी.
एसएसपी ने की STF की टीम की सराहना
स्थानीय पुलिस और एसटीएफ ने यह भी बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से कई अवैध और अंतरराष्ट्रीय धोखाधड़ी मामलों का पर्दाफाश हो सकता है. मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की छानबीन की जा रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके. गाजियाबाद के एसएसपी ने इस मामले की जांच में सक्रियता के लिए यूपी एसटीएफ की टीम की सराहना की और कहा कि यह कार्रवाई न केवल गाजियाबाद, बल्कि पूरे राज्य में अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए एक अहम कदम साबित होगी.

