Delhi News : धनतेरस के दिन शनिवार सुबह लुधियाना से दिल्ली जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12204) में बड़ा हादसा हो गया। पंजाब के सरहिंद स्टेशन के करीब पहुंचते ही ट्रेन की 19 नंबर बोगी में अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है।
बोगी में मची अफरातफरी, यात्रियों ने बचाई जान
आग लगते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई लोग अपने सामान के साथ ट्रेन से कूदकर नीचे उतर गए। लोको पायलट ने मुस्तैदी दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस अफरातफरी में कई यात्री घायल हुए हैं, जबकि एक महिला के झुलसने की खबर है।
सुबह 7 बजे की घटना, एक घंटे में काबू पाया गया
यह घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। जानकारी मिलते ही रेलवे, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने में करीब एक घंटा लग गया। बताया जा रहा है कि ट्रेन ने सुबह 7:30 बजे सरहिंद स्टेशन क्रॉस किया था, तभी एक यात्री ने बोगी नंबर 19 से धुआं निकलते देखा और चेन खींचकर ट्रेन रोकी।
घायल यात्री और छूटा सामान
आग लगने के बाद बोगी के अंदर रखा कई यात्रियों का सामान जल गया या छूट गया। कई यात्रियों को ट्रेन से उतरते समय चोटें आईं। घटना के बाद आसपास की बोगियों के यात्री भी डर के कारण नीचे उतर गए। मौके पर पहुंचे टीटीई और ट्रेन के चालक दल ने तुरंत रेलवे कंट्रोल को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
जांच के आदेश, सतर्कता के निर्देश
रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। फिलहाल किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है। विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि त्योहारी भीड़भाड़ में सफर के दौरान सतर्क रहें और किसी भी तकनीकी गड़बड़ी की सूचना तुरंत रेलवे स्टाफ को दें।
ये भी पढ़े : Dhanteras 2025 : धनतेरस पर सोना क्यों खरीदते हैं? जानें विधि, कथा और आज का खरीदारी मुहूर्त

