होम = Big News = हर सांस पर बढ़ता खतरा, दिल्ली-NCR में राहत की उम्मीदें धुंध में गुम, सारे दावे हुए फेल!

हर सांस पर बढ़ता खतरा, दिल्ली-NCR में राहत की उम्मीदें धुंध में गुम, सारे दावे हुए फेल!

Delhi-NCR Pollution Update: राजधानी दिल्ली में प्रदूषण ने एक बार फिर खतरनाक मोड़ ले लिया है। मंगलवार की सुबह घने कोहरे और कंपकंपा देने वाली ठंड के साथ शुरू हुई, लेकिन असली चिंता ठंड नहीं बल्कि जहरीली हवा बनी रही। हालात ऐसे हैं कि दिल्लीवासियों के लिए साफ हवा अब सपना बनती जा रही है। सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद प्रदूषण पर लगाम नहीं लग पा रही है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार गंभीर श्रेणी में बना हुआ है और 400 का आंकड़ा पार कर चुका है, जो स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खतरनाक माना जाता है।

हालात बद से बदतर

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रदूषण को लेकर कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर चालान में किसी तरह की माफी अब नहीं दी जाएगी। वहीं, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सरकार चौबीसों घंटे काम कर रही है। प्रदूषण के स्रोतों की पहचान के लिए सर्वे चल रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वाली किसी भी इकाई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

औद्योगिक इकाइयों पर गिरी गाज

दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) ने बड़ा कदम उठाते हुए राजधानी में बिना अनिवार्य अनुमति के चल रही और वायु एवं जल प्रदूषण फैलाने वाली 411 औद्योगिक इकाइयों को बंद करने का आदेश दिया है। हालांकि इससे हजारों कामगारों के रोजगार पर असर पड़ सकता है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा हालात में यह फैसला मजबूरी बन गया था।

AQI ने तोड़े खतरे के सारे रिकॉर्ड

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, मंगलवार सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत AQI 415 दर्ज किया गया। यह स्तर ‘बहुत खराब’ से भी नीचे, यानी सीधे गंभीर श्रेणी में आता है। शहर के 40 निगरानी स्टेशनों में से 27 पर AQI 400 से ऊपर रहा, इतनी खराब हवा से सांस संबंधी बीमारियों, आंखों में जलन और दिल के मरीजों को गंभीर खतरा हो सकता है। अधिकारियों के अनुसार, 39 निगरानी केंद्रों में से 12 ने ‘गंभीर’ और 27 ने ‘बेहद खराब’ वायु गुणवत्ता दर्ज की।

NCR में हालात और भी खराब

दिल्ली ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों में भी हवा जानलेवा बनी हुई है।

• नोएडा: AQI 428
• ग्रेटर नोएडा: AQI 378
• गाजियाबाद: AQI 416

खास बात यह है कि नोएडा की हवा दिल्ली से भी ज्यादा खराब रिकॉर्ड की गई है, जिससे पूरे NCR में चिंता का माहौल है।

हर सांस पर सवाल

विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मौसम की स्थिति और प्रदूषण के स्रोतों पर जल्द प्रभावी नियंत्रण नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। दिल्ली की हवा इस समय सिर्फ धुंधली नहीं, बल्कि खामोश खतरा बन चुकी है और हर गुजरता दिन इस खतरे को और गहरा कर रहा है।

ये भी पढ़ें: Horoscope 23 December 2025: आज किसकी चमकेगी किस्मत, कौन रहेगा सतर्क, जानें सभी 12 राशियों की पूरी जानकारी