DUSU Result 2025: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव की मतगणना लगभग पूरी हो चुकी है। 20 राउंड की गिनती के बाद नतीजे साफ हो गए हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अध्यक्ष समेत तीन पदों पर कब्जा जमाया है, जबकि एनएसयूआई (NSUI) को उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल हुई है।
इस बार छात्रों में काफी उत्साह देखने को मिला। गुरुवार को मतदान के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया। कुल 39.36 प्रतिशत छात्रों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतगणना का काम सुबह 8:30 बजे से शुरू हुआ था, जिसके बाद धीरे-धीरे तस्वीर साफ हो गई।
पिछले साल हुए दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनावों में कांग्रेस समर्थित भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) ने सात साल बाद वापसी करते हुए अध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की थी। वहीं, आरएसएस समर्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को उपाध्यक्ष और सचिव पद हासिल हुए थे।
इस साल का समीकरण उलटते हुए ABVP ने वोटों की गिनती में बढ़त बना ली है। ताज़ा रुझानों के मुताबिक, अध्यक्ष पद पर ABVP के आर्यन मान आगे चल रहे हैं, जबकि उपाध्यक्ष पद पर NSUI के राहुल झांसला बढ़त बनाए हुए हैं।

