Delhi Weather Update: दिल्ली में 5 फरवरी की सुबह ठंड और कोहरे की चादर में लिपटी नजर आ सकती है। राजधानी के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। दृश्यता इतनी कम हो सकती है कि सड़कों पर आगे का रास्ता देखना मुश्किल होगा। मौसम विभाग ने सुबह के समय दफ्तर जाने वालों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सर्द हवाओं के कारण लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आएंगे।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 5 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। देर रात तापमान में और गिरावट आ सकती है और पारा 8 से 10 डिग्री तक पहुंच सकता है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा।
दिन के समय आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के घंटों में मध्यम से घना कोहरा बने रहने की चेतावनी को देखते हुए IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है। 8 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं दिन में थोड़ी राहत जरूर देंगी, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा।
ठंडी हवाओं की कमी और मौसम की स्थिरता के कारण राजधानी की हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रह सकती है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के 250 से 300 के बीच बने रहने का अनुमान है। कोहरे की वजह से हवाई और रेल सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। कुछ उड़ानों और ट्रेनों के विलंबित होने की आशंका है, जबकि हाईवे पर दृश्यता घटकर 50 मीटर तक सिमट सकती है। ऐसे में वाहन चलाते समय फॉग लाइट्स का इस्तेमाल जरूरी बताया गया है।
ये भी पढ़ें: SIR को लेकर याचिका पर SC ने चुनाव आयोग को जारी किया नोटिस, कोर्ट में CM ममता ने कहा- हमे जस्टिस नहीं मिल रहा

