Delhi Weather: राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। ठंड, धुंध और बढ़ते प्रदूषण ने मिलकर आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बीते कुछ दिनों से आसमान में बादलों की मौजूदगी बनी हुई है और सुबह के वक्त घना कोहरा छा रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मंगलवार सुबह दिल्ली के कई हिस्सों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। हालात ऐसे रहे कि सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई और यातायात धीमा पड़ गया।
कोहरे ने बढ़ाई लोगों की दिक्कतें
मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार सुबह पालम और सफदरजंग जैसे इलाकों में दृश्यता घटकर लगभग 100 मीटर रह गई थी। कोहरे की वजह से दफ्तर जाने वालों और स्कूल बसों को खासा परेशान होना पड़ा। ठंडी और सर्द हवाओं ने कंपकंपी और बढ़ा दी है। हालांकि न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा रहा।
घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए भी दिल्ली में कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। इसी के चलते येलो अलर्ट लागू किया गया है। विभाग के अनुसार, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का जबकि कई जगहों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है। हवाएं उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है। बुधवार को अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
प्रदूषण बना बड़ी चिंता, AQI 300 के पार
मौसम के साथ-साथ प्रदूषण भी दिल्लीवासियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। हवा की रफ्तार कम होने से प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा हो रहे हैं। मंगलवार को राजधानी के 17 इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 से अधिक दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। दिल्ली का औसत AQI 272 रहा, जो पिछले दिन की तुलना में 62 अंक ज्यादा है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदूषण से राहत के आसार कम ही नजर आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Parliament Budget Session: लोकसभा में राहुल गांधी के बयान पर जोरदार हंगामा, बार-बार स्थगित हुई कार्यवाही

