Delhi Crime: उत्तरी दिल्ली के जगतपुर एक्सटेंशन से शनिवार दोपहर ऐसी खबर आई जिसने पूरे इलाके की रूह हिला दी। गुरुवार शाम घर से खाना देने निकली 12 साल की मासूम बच्ची का शव दो दिन बाद यमुना पुस्ता की झाड़ियों में संदिग्ध हालत में मिला। परिवार और पड़ोसियों की आंखें नम और पूरा इलाका सदमे में डूबा है।
क्या है पूरा मामला
जगतपुर एक्सटेंशन की तंग गलियों में शुक्रवार से ही बेचैनी फैली हुई थी। बच्ची गुरुवार शाम करीब 7 बजे घर से खाने की थाली लेकर तीसरी गली में रहने वाले एक परिवार के पास गई थी। घरवालों ने समझा रोज़ की तरह कुछ ही मिनटों में लौट आएगी। लेकिन रात के 12 बज गए, सुबह हो गई, और बच्ची का कोई अता-पता नहीं था। परिजनों ने देर न करते हुए वजीराबाद थाना पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने तलाश शुरू कर दी, लेकिन हर गुज़रते घंटे के साथ उम्मीदें धुंधली पड़ने लगीं। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे परिवार वालों ने यमुना पुस्ता की झाड़ियों में कुछ संदिग्ध देखा। पास जाकर देखा तो उनकी चीख निकल पड़ी, वह उनकी मासूम बेटी थी निर्जीव और शांत।
शरीर पर कई चोटों के निशान
बच्ची के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे साफ है कि उसके साथ कुछ बेहद गंभीर हुआ है। क्या यह सुनियोजित हत्या है? क्या मासूम के साथ दुष्कर्म कर उसे मौत के हवाले किया गया? या फिर किसी और अपराध को छुपाने की कोशिश? सस्पेंस बढ़ता जा रहा है। सूचना मिलते ही वजीराबाद थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और DCP नॉर्थ मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके को सील कर दिया गया। हर झाड़ी, हर पगडंडी और हर फुटप्रिंट की बारीकी से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने अपराध स्थल से कई सैंपल उठाए हैं जिनसे अहम सुराग मिल सकते हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट से ही यह तय होगा कि उसके साथ क्या दरिंदगी हुई और मौत की वजह क्या है। उधर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां का एक ही सवाल “मेरी बच्ची ने किसका क्या बिगाड़ा था? यह घटना एक बार फिर दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा रही है। बच्चा घर के बाहर दो कदम चले और वापस न आए, क्या यही देश की राजधानी में बच्चों की वास्तविक सुरक्षा है? पुलिस ने आश्वासन दिया है, कातिल बच नहीं पाएगा। लेकिन तब तक जगतपुर एक्सटेंशन का हर घर दहशत में है।
ये भी पढ़े: सहारनपुर के जंगलों में गोलियों की गूंज, 7 लाख की लूट करने वाले दो बदमाश एनकाउंटर में ढेर

