Delhi NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार तड़के मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सर्दी के मौसम में हुई इस बूंदाबांदी से ठंड के और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 23 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के विभिन्न हिस्सों के लिए ‘नाउकास्ट’ चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन घंटों के दौरान इन राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश (करीब 5 से 15 मिमी प्रति घंटा) हो सकती है।
तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने दिन के समय भी कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के शहरों में मौसम बिगड़ सकता है। बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के स्तर में भी उल्लेखनीय गिरावट आने की उम्मीद है।
दिल्ली के सभी जिलों के अलावा हरियाणा के अंबाला और करनाल, पंजाब के लुधियाना और चंडीगढ़ तथा राजस्थान के अजमेर और सीकर में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
सतर्कता बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है। नागरिकों को पेड़ों, बिजली के खंभों या कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े होने से बचने और अनावश्यक यात्रा न करने की हिदायत दी गई है। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण सड़क पर निकलने से पहले यातायात की स्थिति जांचने को कहा गया है।
इन जिलों में ज्यादा असर
IMD की सूची के अनुसार, दिल्ली के सभी 11 जिलों मध्य, पूर्व, उत्तर, दक्षिण, पश्चिम और नई दिल्ली समेत में हाई अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के अजमेर, झुंझुनू और सीकर में तेज आंधी-तूफान की आशंका है। हरियाणा के अंबाला, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकुला और यमुनानगर में भी मौसम खराब रह सकता है। वहीं पंजाब के चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और साहिबजादा अजीत सिंह नगर (SAS नगर) सहित कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है।
निवासियों के लिए दिशा-निर्देश
मौसम की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग ने सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लोगों से अपील की गई है कि तेज हवाओं के दौरान खिड़कियों से दूरी बनाए रखें और बिजली से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल सीमित रखें। खुले मैदानों में न जाएं और धातु की वस्तुओं के संपर्क से बचें। वाहन चालकों को जलभराव और कम विजिबिलिटी को ध्यान में रखते हुए धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है। नागरिकों को सरकारी एजेंसियों द्वारा समय-समय पर जारी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है।
इंडिगो की ट्रैवल एडवाइजरी
उधर, श्रीनगर में मौसम में अचानक बदलाव के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि बर्फबारी के कारण श्रीनगर एयरपोर्ट पर टेक-ऑफ और लैंडिंग को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। इससे यात्रियों को विमान में और एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें: UN से अलग नई वैश्विक ताकत? ट्रंप ने लॉन्च किया ‘बोर्ड ऑफ पीस’, दुनिया में मचा हलचल
