होम = State = दिल्ली/NCR = दिल्ली-NCR बना ‘गैस चैंबर’: 24 घंटे में दोगुना हुआ जहर, सांस लेना मुश्किल!

दिल्ली-NCR बना ‘गैस चैंबर’: 24 घंटे में दोगुना हुआ जहर, सांस लेना मुश्किल!

Delhi AQI: दिल्ली-NCR में हवा अब जहर बन चुकी है। राजधानी दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव और फरीदाबाद में प्रदूषण का स्तर खतरनाक सीमा को पार कर गया है। रविवार सुबह से ही आसमान में धुंध की चादर लिपटी नजर आई, जो असल में स्मॉग का तांडव है। चारों ओर फैला धुआं लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी पैदा कर रहा है।

शनिवार तक जहां दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 218 दर्ज किया गया था, वहीं रविवार सुबह 11 बजे तक यह बढ़कर 424 पहुंच गया, जो ‘बेहद गंभीर’ श्रेणी में आता है। इंडिया गेट से लेकर साउथ दिल्ली तक हर ओर दृश्यता घट चुकी है। सड़कों पर चल रहे वाहनों की हेडलाइट्स दिन में भी जलती नजर आईं।

प्रदूषण की मोटी परत

  • नोएडा की हालत भी इससे अलग नहीं है। यहां का AQI शनिवार को 245 था, जो रविवार सुबह 423 पर पहुंच गया। लोगों की आंखों में जलन और गले में खराश की शिकायतें बढ़ने लगी हैं। यमुना किनारे के इलाकों में प्रदूषण की मोटी परत साफ दिखाई दे रही है।
  • ग्रेटर नोएडा में हवाएं थमने से स्मॉग का असर और गहरा गया है। सुबह से ही आसमान पर धुंध का कब्जा है। यहां का एयर क्वालिटी इंडेक्स 241 से उछलकर 408 दर्ज किया गया है। लोग घरों से बाहर निकलने में परहेज कर रहे हैं।
  • गाजियाबाद, जिसे औद्योगिक हब कहा जाता है, वहां का प्रदूषण स्तर तो दो गुना हो गया। शनिवार को 232 दर्ज हुआ AQI रविवार को 452 पहुंच गया। टावरों और ऊंची इमारतों के बीच दिख रही धुंध असल में जहरीली हवा का संकेत दे रही है।
  • गुड़गांव, जो NCR का सबसे आधुनिक शहर माना जाता है, वहां की हवा भी अब जहर से भरी है। शनिवार रात तक यहां का AQI 200 के करीब था, लेकिन रविवार सुबह यह छलांग लगाकर 456 पहुंच गया। वहीं फरीदाबाद में भी प्रदूषण का स्तर 277 से बढ़कर 404 हो गया है।

क्या है प्रदूषण का कारण?

दिल्ली-NCR के सभी शहरों में एक ही दिन में प्रदूषण का यह विस्फोट कई सवाल खड़े कर रहा है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि हवा में अचानक इतना जहर घुल गया? विशेषज्ञों के मुताबिक पराली जलाने, ठंडी हवाओं की कमी और वाहन प्रदूषण की वजह से हवा में घुटन बढ़ गई है। आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं अगर तुरंत सख्त कदम नहीं उठाए गए।

ये भी पढ़े – एक्स ने किया पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ के दावे का पर्दाफाश, कश्मीर पर झूठा बयान हुआ बेनकाब

Tags : DELHI AQI

बंगाल