होम = State = दिल्ली/NCR = दिल्ली एयरपोर्ट पर हंगामा, पायलट ने पैसेंजर को 7 साल की बेटी के सामने पीटा, परिवार सदमे में

दिल्ली एयरपोर्ट पर हंगामा, पायलट ने पैसेंजर को 7 साल की बेटी के सामने पीटा, परिवार सदमे में

Air India Express Pilot Attack: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर शनिवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट पर एक यात्री के साथ मारपीट का मामला सामने आया। पीड़ित अंकित दीवान ने आरोप लगाया कि पायलट कैप्टन वीरेंद्र ने उनके साथ केवल बदसलूकी ही नहीं की, बल्कि शारीरिक हमला भी किया। घटना के समय अंकित अपनी पत्नी और 7 साल की बेटी के साथ यात्रा कर रहे थे।

क्या है पूरा मामला

यात्री का कहना है कि विवाद तब शुरू हुआ जब वे सुरक्षा जांच के लिए लाइन में खड़े थे। उनका आरोप है कि लाइन में स्टाफ की गलती के कारण वे आगे बढ़ गए थे, जिस पर पायलट ने उन्हें गाली दी और मारपीट शुरू कर दी। अंकित ने बताया, “पायलट की शर्ट पर खून भी मेरा ही लगा था। मेरी बेटी ने अपने पिता को बेरहमी से पीटते हुए देखा और वह अभी भी सदमे में है।” घटना सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरों के साथ वायरल हो गई, जिससे यह मामला सुर्खियों में आ गया।

पायलट को तुरंत हटाया

एअर इंडिया एक्सप्रेस ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए आरोपी पायलट को ड्यूटी से हटा दिया और घटना पर खेद जताया। एयरलाइन ने बयान में कहा कि पायलट किसी अन्य एयरलाइन की फ्लाइट से यात्री के रूप में यात्रा कर रहे थे और उनके साथ विवाद हुआ। कंपनी ने स्पष्ट किया कि इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है और जांच पूरी होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

आधिकारिक बयान आया सामने

एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि सभी कर्मचारियों से पेशेवर और जिम्मेदार व्यवहार की उम्मीद की जाती है। कंपनी ने यह भी बताया कि वे सुनिश्चित करेंगे कि भविष्य में ऐसे घटनाएं न हों और यात्रियों की सुरक्षा एवं सम्मान प्राथमिकता बने। यह मामला न केवल दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा का विषय बन गया है, बल्कि एयरलाइन के पेशेवर आचरण पर भी सवाल खड़ा करता है।

ये भी पढ़े: पीएम मोदी ने गुवाहाटी एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का किया भव्य उद्घाटन, असम बनेगा विमानन हब