होम = State = दिल्ली/NCR = दिल्ली में 2 CRPF स्कूलों और 4 अदालतों को मिली बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां फिर अलर्ट पर

दिल्ली में 2 CRPF स्कूलों और 4 अदालतों को मिली बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां फिर अलर्ट पर

by | Nov 18, 2025 | दिल्ली/NCR

Delhi News : दिल्ली के द्वारका और प्रशांत विहार स्थित दो CRPF स्कूलों को मंगलवार सुबह ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी मिली। इसी तरह दिल्ली के चार बड़े अदालत परिसरों- साकेत कोर्ट, पटियाला हाउस कोर्ट, तीस हजारी कोर्ट और रोहिणी कोर्ट- को भी बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है।

धमकी मिलते ही सभी स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई और बम निरोधक दस्ते ने कैंपस की गहन जांच शुरू की। पुलिस को अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन जांच जारी है।

जैश-ए-मोहम्मद के नाम से आया धमकी भरा ईमेल

सूत्रों के अनुसार धमकी वाला ईमेल जैश-ए-मोहम्मद के नाम से भेजा गया है। संदेश में साफ लिखा था कि अदालत परिसरों में “बड़ा धमाका” हो सकता है।
लाल किला के पास हाल में हुए धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियाँ किसी भी धमकी को हल्के में नहीं ले रहीं, इसलिए सूचना मिलते ही सभी स्थानों पर तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।

पटियाला हाउस कोर्ट में आज ब्लास्ट आरोपी की पेशी

धमकी को और गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि जिस पटियाला हाउस कोर्ट को धमकी मिली है, वहीं आज दिल्ली ब्लास्ट के आरोपी की पेशी भी निर्धारित है। इसको देखते हुए पुलिस और अदालत प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

लाल किला ब्लास्ट के बाद बढ़ी दहशत

सोमवार, 10 नवंबर की शाम लाल किला के पास कार में हुए बम धमाके में 13 लोगों की मौत और लगभग 20 लोग घायल हुए थे। जांच में यह आतंकी हमला पाया गया था, जिसके तार जम्मू-कश्मीर, फरीदाबाद और यूपी के सफेदपोश संदिग्धों से जुड़े मिले। इस घटना के बाद से दिल्ली में पहले ही दहशत का माहौल है और सुरक्षा एजेंसियाँ हर एंगल से जांच कर रही हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती

अदालतों और CRPF स्कूल जैसे संवेदनशील संस्थानों को धमकी मिलना सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और सभी एजेंसियाँ समन्वय के साथ जांच में लगी हुई हैं।

Tags : Delhi News

बंगाल