होम = State = दिल्ली/NCR = दिल्ली में बच्चों की तस्करी का बड़ा रैकेट बेनकाब, 10 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में बच्चों की तस्करी का बड़ा रैकेट बेनकाब, 10 आरोपी गिरफ्तार

Delhi news : दिल्ली पुलिस की दक्षिण-पूर्वी जिले की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने बच्चों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 5 बच्चों को सुरक्षित बरामद किया है। यह गिरोह पिछले तीन वर्षों से सक्रिय था और अब तक कई मासूमों को लाखों रुपये में बेच चुका था।

यह खुलासा तब हुआ जब 22 अगस्त 2025 को यूपी के बांदा निवासी सुरेश अपने परिवार के साथ आईएसबीटी सराय काले खां पहुंचे। रात करीब 11 बजे उनका छह महीने का बेटा अचानक लापता हो गया। सुरेश की शिकायत पर थाना सनलाइट कॉलोनी में केस दर्ज किया गया और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले आरोपी वीरभान और उसके ससुर कालीचरण को यूपी के फतेहाबाद से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि बच्चे को डॉक्टर कमलेश को बेचा गया है। इसके बाद पुलिस ने मरीज बनकर अस्पताल में दबिश दी और कमलेश को गिरफ्तार किया। कमलेश ने कबूल किया कि उसने बच्चे को सुंदर नाम के एक व्यक्ति को बेच दिया है।

पुलिस ने सुंदर को यूपी-राजस्थान बॉर्डर से पकड़ा। उसकी निशानदेही पर आगरा में छापा मारकर कृष्णा शर्मा और प्रीति शर्मा को गिरफ्तार किया गया और बच्चा उनके घर से बरामद कर लिया गया।

ये भी पढ़े : KP Oli Resigns : भारी दबाव के बीच पीएम ओली ने छोड़ा पद, छात्रों के आंदोलन को मिली जीत!

जांच में सामने आया कि यह गिरोह बच्चों को डेढ़ लाख से सात लाख रुपये तक की कीमत पर बेचता था। आरोपियों द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर गोद लेने का नाटक रचा जाता था। कुछ मामलों में तो उन्होंने अपने ही बच्चों को भी बेच दिया था।

गिरफ्तार आरोपियों में डॉक्टर, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव, बिचौलिए और एक दंपत्ति शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है और आगे और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।

Tags : Delhi News

बंगाल