Greater Noida News : बीटा-दो कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर पीथ्री के डी ब्लाक स्थित थीम पार्क में एक दर्दनाक घटना घटित हुई है। यहां पार्क में बने फव्वारे के गड्ढे में गिरकर पांच साल का बच्चा डूब गया। परिजनों ने तुरंत उसको नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन इस हादसे में उसकी मौत हो गई है। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम का माहौल है।
क्या है पूरा मामला
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चे का नाम पृथ्वी है। वह अपने माता-पिता सुभाष और रुचि के साथ सेक्टर के डी ब्लाक के मकान संख्या 297 में रहता था। मूलरूप से शाहजहांपुर के निवासी सुभाष और उनकी पत्नी रुचि दोनों सेक्टर में धोबी का काम करके अपना जीवन यापन करते हैं। सोमवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे की यह घटना है। उस समय पांच साल का पृथ्वी पार्क में खेल रहा था जबकि उसके माता-पिता पार्क के पास ही अपना काम कर रहे थे। खेलते-खेलते अचानक बच्चा उनकी आंखों से ओझल हो गया। जब दंपती ने बच्चे की तलाश शुरू की तो वह पार्क में बने फव्वारे के गड्ढे में औधे मुंह गिरा हुआ मिला। परिवार के लोगों ने तुरंत बच्चे को नजदीकी यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पूर्व में भी हो चुकी है इस तरह की घटनाएं
यह क्षेत्र में बच्चों की डूबने से होने वाली मौत का पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ सालों में इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं :
नवंबर 2021: ग्रेटर नोएडा के बंबावड़ गांव में एक बच्चे की पानी में गिरकर मौत हो गई थी।
21 नवंबर 2022: गौर सिटी 11 एवेन्यू में टब में डूबकर एक बच्ची की मौत हुई थी।
1 अगस्त 2024: दादरी स्थित तालाब में नहाने गए बच्चे की डूबकर मौत हो गई थी।
13 जून 2025: दनकौर में पड़ोसी के सेप्टिक टैंक में डूब जाने से तीन साल के बच्चे की मौत हुई थी।

