होम = State = दिल्ली/NCR = दिल्ली के नरेला में दिल दहलाने वाला कांड: पड़ोसी ने 3 साल के बच्चे को अगवा कर उतारा मौत के घाट, लाश छोड़कर फरार

दिल्ली के नरेला में दिल दहलाने वाला कांड: पड़ोसी ने 3 साल के बच्चे को अगवा कर उतारा मौत के घाट, लाश छोड़कर फरार

Delhi News: दिल्ली के बाहरी इलाके नरेला औद्योगिक क्षेत्र के घोघा गांव में दिवाली के दिन एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां तीन साल के मासूम बच्चे तेजस की हत्या उसके ही पड़ोसी युवक ने कर दी। आरोपी की पहचान नीतू के रूप में हुई है, जो पहले बच्चे के पिता संजीव के पास ड्राइवर के रूप में काम कर चुका था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर दिवाली के दिन गांव में नीतू और एक अन्य व्यक्ति शराब के नशे में झगड़ रहे थे। झगड़ा बढ़ता देख तेजस के पिता संजीव बीच-बचाव करने पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया। लेकिन इसी बीच आरोपी नीतू को यह बात नागवार गुजरी और उसने संजीव से बदला लेने की ठान ली। कुछ ही देर बाद मौका पाकर आरोपी ने तीन वर्षीय तेजस को घर के बाहर से बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया।

बच्चे के गायब होने से परिवार में अफरातफरी मच गई। परिजन और पड़ोसी कई घंटों तक उसकी खोज में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। देर शाम शक होने पर जब लोगों ने आरोपी नीतू के किराए के कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। बेड पर मासूम तेजस का शव खून से लथपथ पड़ा था।

आरोपी की तलाश जारी

आरोपी वारदात के बाद घर में ताला लगाकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बच्चे के पिता, मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला व्यक्तिगत रंजिश और झगड़े से उपजे बदले की भावना से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

फिलहाल पुलिस टीमें कई स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। इस जघन्य हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर किसी की रंजिश का शिकार एक मासूम क्यों बना।

ये भी पढ़े:  दिल्ली का ‘दिल’ Connaught Place: जानिए क्यों रखा गया इसका ये शाही नाम

Tags : Delhi News

बंगाल