Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम का रुख बदल गया है। मंगलवार को तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने तापमान में गिरावट दर्ज कराई, जिससे ठंड का असर बढ़ गया। सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं मंगलवार को बारिश के बाद पारा नीचे चला गया और लोगों को दोबारा सर्दी का एहसास होने लगा।
गाजियाबाद, नोएडा और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश के साथ कुछ जगहों पर हल्के ओले भी पड़े। 27 जनवरी की सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और दिनभर धूप नहीं निकली। मौसम विभाग का कहना है कि 23 और 27 जनवरी को हुई बारिश के बाद अब एक और बारिश का दौर आने की संभावना है, जिससे ठंड और तेज हो सकती है।
आंधी-तूफान के साथ दोबारा बारिश के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। तेज हवाओं और बारिश की वजह से तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी। मौसम विभाग ने एहतियात के तौर पर येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
1 फरवरी को फिर बदलेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 1 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में एक और पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। इसकी शुरुआत तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश से होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शशिकांत मिश्रा ने बताया कि दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर के लिए 1 फरवरी को येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दिन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं और अच्छी बारिश होने के आसार हैं। बीते 24 घंटों में भी क्षेत्र में ठीक-ठाक वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि 28 से 31 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन 1 फरवरी से मौसम फिर करवट लेगा और ठंड का असर बना रहेगा।
ये भी पढ़ें: Rashifal 28 January 2026: आज आपका दिन कैसा रहेगा, कौन से काम होंगे सफल; जानिए अपना राशिफल

