Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला रेल हादसा हुआ। बिलासपुर स्टेशन के पास एक MEMU पैसेंजर ट्रेन ने खड़ी मालगाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे रेलवे ट्रैक पर अफरातफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पैसेंजर ट्रेन का एक कोच मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया, वहीं कई यात्री कोचों में फंस गए। हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे बिलासपुर स्टेशन यार्ड के पास हुई। राहत और बचाव कार्य के लिए रेलवे की आपदा प्रबंधन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं, जेसीबी और गैस कटर की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद पूरे रूट पर ट्रेन परिचालन ठप हो गया है। कई ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है, जबकि कुछ का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
हादसे की वजह क्या थी?
प्रारंभिक जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के अधिकारियों के मुताबिक, MEMU ट्रेन ने रेड सिग्नल को इग्नोर कर दिया था। जब ट्रेन बिलासपुर स्टेशन के पास पहुंची, तो सामने वाली लाइन पर एक मालगाड़ी पहले से खड़ी थी। सिग्नल रेड था, लेकिन ट्रेन आगे बढ़ गई और मालगाड़ी के पिछले हिस्से से जा टकराई। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि यह गलती तकनीकी खराबी थी या मानवीय लापरवाही। रेलवे सूत्रों के अनुसार, MEMU ट्रेनों में आधुनिक ब्रेकिंग और सिग्नलिंग सिस्टम लगे होते हैं, जिनसे इस तरह की घटनाओं की संभावना कम होती है। लेकिन इस हादसे में यह सिस्टम क्यों फेल हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।
जांच टीम की पड़ताल जारी
रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा “अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि लोको पायलट की गलती थी या तकनीकी फेलियर। ट्रेन की स्पीड और ब्रेकिंग सिस्टम के डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है।” रेलवे ने हादसे के बाद सिग्नलिंग सिस्टम और ट्रैक नेटवर्क की व्यापक जांच के आदेश दिए हैं। यह भी जांच की जा रही है कि क्या लोको पायलट को सिग्नल की सही जानकारी समय पर मिली थी या नहीं।
मौके पर अफरातफरी और बचाव अभियान
हादसे के तुरंत बाद स्टेशन यार्ड पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे, घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रेलवे ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान करने की तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल, इस भीषण ट्रेन हादसे ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है, और जांच टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर सिग्नल पार करने की वह चूक कैसे हुई जिसने कई जिंदगियां लील लीं।
ये भी पढ़े : Women’s WC: भारत बना महिला क्रिकेट विश्व विजेता, मैदान में छाया जश्न का माहौल, 52 साल बाद इतिहास रचा !

